मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में खुद 7 फेरे लेंगे बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, सीएम सहित पूरा मंत्रिमंडल रहेगा मौजूद

रायपुर : बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी विधायक दीपेश साहू की ओर से एक सराहनीय पहल की गई है. जहां वे 31 मई को जिला मुख्यालय स्थित बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले शासकीय ‘मुख्यमंत्री कन्यादान सामूहिक विवाह योजना’ के तहत शादी के बंधन में बंधेंगे. छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार कोई वर्तमान विधायक वीआईपी कल्चर और फिजूलखर्ची से दूर रहकर इस तरह सरकारी योजना के मंच पर विवाह कर सादगी की मिसाल पेश कर रहा है.

एक साथ 24 जोड़ों की होगी शादी

विधायक दीपेश, तरूणा साहू के साथ अपने दांपत्य जीवन की नई पारी की शुरुआत करेंगे. बेसिक स्कूल मैदान का यह मंडप इसलिए भी खास होगा क्योंकि यहां विधायक दीपेश और तरूणा साहू अकेले नहीं, बल्कि क्षेत्र के 23 अन्य गरीब व जरूरतमंद जोड़ों के साथ परिणय सूत्र में बंधेंगे. कुल 24 जोड़ों के इस सामूहिक विवाह के लिए प्रशासन ने जो सूची जारी की है.

सीएम साय सहित पूरा मंत्रिमंडल रहेगा मौजूद

विधायक दीपेश साहू की इस सादगीपूर्ण पहल का जिला प्रशासन ने भी स्वागत किया है. प्रशासन की ओर से इसके लिए बकायदा आधिकारिक निमंत्रण पत्र जारी किए गए हैं. 31 मई को होने वाले इस भव्य और ऐतिहासिक आयोजन में सूबे के मुखिया मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विशेष रूप से शामिल होकर वर-वधू को आशीर्वाद देंगे. उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, सांसद विजय बघेल, उपमुख्यमंत्री अरुण साव व विजय शर्मा सहित प्रदेश मंत्रिमंडल के कई सदस्य और अन्य विधायक भी इस अनूठे विवाह के साक्षी बनेंगे.

सादगी से दिया बड़ा सामाजिक संदेश

विधायक दीपेश साहू का यह निर्णय सिर्फ एक निजी आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है. ऐसे समय में जब शादियों में करोड़ों रुपये खर्च करने की होड़ लगी रहती है, तब एक जनप्रतिनिधि द्वारा सरकारी योजना के मंच पर सादगी से विवाह करना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds