नाटो देशों की सीमा के पास मिसाइलें बरसा रहा बेलारूस, नजर आए वैगनर लड़ाके, तनाव चरम पर

वॉर्सा: रूस के सबसे करीबी देश बेलारूस ने नाटो देशों पोलैंड और लिथुआनिया की सीमा पर जोरदार अभ्‍यास शुरू किया है। बेलारूस की सेना मिसाइल और टैंकों की मदद से बारूदी अभ्‍यास कर रही है। ऐसी खबरें आ रही हैं कि वैगनर के लड़ाके भी सीमा के पास देखे गए हैं। बेलारूस यह अभ्‍यास सुवाल्‍की गैप के पास कर रहा है जो पोलैंड से लेकर लिथुआनिया की सीमा तक फैला हुआ है। इस इलाके में अब बड़ी तादाद में सैनिकों की तैनाती की गई है। नाटो देशों को डर सता रहा है कि रूस का दोस्‍त बेलारूस भड़काने वाली कार्रवाई कर सकता है।

इस बीच बेलारूस ने दावा किया है कि वर्तमान अभ्‍यास के दौरान सैनिकों को इस बात के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि वे युद्ध के दौरान अपनी यूनिट को कंट्रोल कर सकें। वहीं नाटो देशों को डर सता रहा है कि यह रूसी राष्‍ट्रपति पुतिन के आदेश पर बेलारूस के तानाशाह लुकाशेंको करवा रहे हैं। हालांकि अभी तक इस बात के सीधे सबूत नहीं मिले हैं कि अभ्‍यास में रूस के वैगनर लड़ाके शामिल हैं या नहीं। हालांकि वैगनर के सैनिक हाल के दिनों में नाटो देशों की सीमा के पास देखे गए हैं।

बेलारूस के अभ्‍यास का समझें रूस कनेक्‍शन

इस बात की पुष्टि हो गई है कि वैगनर के लड़ाके बेलारूस के सैनिकों को ट्रेनिंग दे रहे हैं ताकि वे लड़ाई लड़ सके। बेलारूस का दावा है कि वे वैगनर से उनके लड़े हुए युद्ध के सबक सीख रहे हैं। पोलैंड ने कहा कि उसने पाया है कि बेलारूस से अवैध घुसपैठ की कोशिश की गई है जिसके बाद पोलैंड को अब 1000 सैनिकों को तैनात करना पड़ा है। सुवाल्‍की गैप एक संकरा सा इलाका है जो बेलारूस को रूस के कब्‍जे वाले कालिनग्राद से अलग करता है। कालिनग्राद रूस का सैन्‍य किला है जहां परमाणु हथियार तक रखे जाने की रिपोर्टें आई हैं।

अगर जंग होती है तो सुवाल्‍की गैप नाटो और यूरोपीय देशों के लिए जिनता अहम होगा, उतना ही रूस के लिए भी होगा। पश्चिमी देशों के लिए यह एकमात्र जमीनी रास्‍ता है जो पूर्व सोवियत देशों लिथुआनिया, लाटव‍िया और एस्‍टोनिया को नाटो देशों से जोड़ता है। वहीं पुतिन के लिए यह दुखती रग की तरह से है और नाटो देश कालिनग्राड को पूरी तरह से घेर सकते हैं। रूस अगर इस पर भविष्‍य में कब्‍जा करता है तो कालिनग्राड में तैनात अपनी बाल्टिक फ्लीट से सीधे जुड़ जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds