छात्रा को खुदकुशी के लिए उकसाने वाला गिरफ्तार, चार दिन पहले दी थी जान

दुर्ग : भिलाई में छात्रा की खुदकुशी मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। दोनों के बीच पहले प्रेम प्रसंग था, लेकिन फिर आरोपी ने ब्लैकमेल और परेशान करना शुरू कर दिया। कई दिनों से उसके परेशान करने के कारण छात्रा ने अपनी जान दे दी। करीब चार दिन पहले छात्रा का शव उसके ही घर में फांसी से लटका मिला था। तब परिजनों ने युवक के परेशान करने की जानकारी पुलिस को दी थी। इसके बाद से पुलिस मामले की जांच कर रही थी। मामला भट्टी थाना क्षेत्र का है।

घर में फांसी पर लटका मिला था शव

जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-4 निवासी आकांक्षा अहिरवार (23) फैशन डिजाइनिंग करने के साथ ही कल्याण महाविद्यालय में बीकॉम फाइनल ईयर की छात्रा थी। आकांक्षा अपनी दो बहन और एक भाई के साथ रहती थी। उसके पिता रिटायर्ड पुलिसकर्मी हैं और मां मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में रहती हैं। सोमवार को जब भाई-बहन सोकर उठे तो आकांक्षा का शव कमरे में फांसी से लटका हुआ मिला। दोनों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग भी आ गए। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

छात्रा के मोबाइल से ट्रेस कर आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस पूछताछ में पता चला कि कुछ दिनों से रवि सिंह नाम का युवक उसे परेशान कर रहा था। इस पर पुलिस ने छात्रा का मोबाइल जब्त कर लिया। उसकी मदद से आरोपी रवि की तलाश शुरू की गई। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी घटना से पहले ही बिहार भाग गया था। उसे पकड़ने के लिए एक टीम बिहार रवाना की गई। इस बीच आरेपी लौटने लगा तो पुलिस ने उसे भाटापारा रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

छात्रा के चरित्र पर करता था संदेह

सीएसपी निखिल राखेचा ने बताया कि युवती को खुदकुशी के प्रेरित करने वाले आरोपी युवक रिसाली निवासी रवि सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी और युवती के बीच प्रेम प्रसंग था। इसके बाद वह युवती के चरित्र पर संदेह करने लगा। किसी से भी लड़की के बात करने पर उस पर चिल्लाता था। युवती को कुछ दिनों से बहुत ही परेशान और ब्लैकमेल कर रहा था। जिसके चलते युवती ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds