अमित शाह ने बस्तर दशहरा में आने के लिए भरी हामी, सरेंडर नक्सलियों से कर सकते हैं मुलाकात

जगदलपुर : बस्तर दशहरा में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा तय हो गया है, माना जा रहा है कि वह 4 अक्टूबर को होने वाले बस्तर दशहरा के कार्यक्रम में शामिल होंगे और मुरिया दरबार में माथा टेंकेंगे. अमित शाह के दौरे के लिए जगदलपुर के लाल बाग मैदान में प्रशानिक तैयारियां भी शुरू हो गई हैं. खास बात यह है कि अमित शाह इस दौरान सरेंडर नक्सलियों से मुलाकात भी कर सकते हैं, जबकि नक्सल ऑपरेशन में शामिल अधिकारियों और सुरक्षाबलों के जवानों से भी शाह की मुलाकात हो सकती है, ऐसे में इस दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट है.
दरअसल, अमित शाह ने खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बस्तर दशहरा में शामिल होने की पुष्टि की है. बताया जा रहा है कि नक्सल मोर्चे पर चल रही तैयारियों के लिहाज से भी यह दौरा अहम है. वह नक्सल मोर्चे पर तैनात जवानों से भी मुलाकात कर सकते हैं, जबकि सरेंडर्ड नक्सलियों से मिलकर भी बातचीत कर सकते हैं, जिसमें उनके पहले के जीवन और अब के जीवन में अंतर जानेंगे. इसके अलावा वह बस्तर संभाग के अंदरूनी इलाके में रहने वाले ग्रामीणों से भी मुलाकात करेंगे. इस दौरान अमित शाह के साथ सीएम विष्णुदेव साय डिप्टी सीएम विजय शर्मा, अरुण साव समेत कई सीनियर मंत्री और सांसद भी बस्तर दशहरा में शामिल होंगे.
बस्तर सांसद ने दिया था निमंत्रण
बता दें की बस्तर सांसद और दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप ने दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को बस्तर दशहरा में शामिल होने के लिए आमंत्रण दिया था, जिस पर उन्होंने हामी भर दी थी. 4 अक्टूबर को अमित शाह बस्तर का दौरा करेंगे, जिसके लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं, हालांकि शाह इस दौरान कौन-कौन से कार्यक्रमों में शामिल होंगे, इसको लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. हालांकि उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि वह बस्तर दशहरा में शामिल होने के लिए उत्सुक है और यह त्योहार नक्सलवाद से मुक्त और शांति की ओर अग्रसर बस्तर अपने पर्व-त्योहार धूम-धाम से मना रहा है.
बस्तर दशहरा
छत्तीसगढ़ में बस्तर दशहरा बड़ा त्योहार माना जाता है, जो आदिवासी संस्कृति और विरासत का प्रमाण माना जाता है, इसके लिए लंब समय से तैयारियां शुरू हो जाती हैं, बस्तर दशहरा 75 दिनों मनाया जाता है, जहां अलग-अलग कार्यक्रम बस्तर दशहरा में आयोजित होते हैं.