आत्मघाती हमले के बाद तुर्किये की वायुसेना ने इराक पर बरसाए बम, कई कुर्द लड़ाकों की मौत

अंकारा : तुर्किये की राजधानी अंकारा में हुए आत्मघाती हमले के बाद तुर्किये ने जवाबी कार्रवाई की है। तुर्किये की वायुसेना ने इराक स्थित कुर्द लड़ाकों के कई ठिकानों पर बमबारी की है। इस बमबारी में कई कुर्द लड़ाकों के मारे जाने का दावा किया जा रहा है। बता दें कि कुर्द विद्राहियों के संगठन ने ही अंकारा में हुए आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी ली थी। तुर्किये के आंतरिक मामलों के मंत्री ने वायुसेना की कार्रवाई की पुष्टि की है और कहा है कि सभी आतंकियों के मारे जाने तक लड़ाई जारी रहेगी।

इराक में 20 ठिकानों पर हुई बमबारी

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तुर्किये की वायुसेना ने कुर्द विद्राहियों के उत्तरी इराक स्थित 20 ठिकानों को तबाह कर दिया। इनमें कई गुफाएं, बंकर, शेल्टर होम और गोदाम शामिल हैं। ये सभी ठिकाने कुर्द विद्रोही संगठन कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी या पी.के.के के बताए जा रहे हैं। तुर्किये के आंतरिक मामलों के मंत्री ने दावा किया है कि तुर्किये की वायुसेना की बमबारी में कई कुर्द लड़ाके मारे गए हैं। तुर्किये के गृह मंत्री अली यारलीकाया ने बताया कि रविवार को अंकारा स्थित गृह मंत्रालय की इमारत के बाहर एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया, इस आत्मघाती हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।

आत्मघाती हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं

यारलीकाया ने बताया कि आत्मघाती हमलावर एक गाड़ी में बैठकर आए थे और दो हमलावर थे। एक आतंकी ने मंत्रालय की इमारत के बाहर विस्फोट में खुद को उड़ा लिया, वहीं दूसरा आतंकी पुलिसकर्मियों की कार्रवाई में मारा गया। वहीं विस्फोट में दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। जिनका इलाज चल रहा है। तुर्किये पर यह आत्मघाती हमला ऐसे वक्त हुआ है, जब तुर्किये की सरकार आतंकी संगठन आईएसआईएस के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। यारलीकाया ने कहा कि उनकी लड़ाई आतंक के खिलाफ जारी रहेगी, जब तक सारे आतंकी नहीं मारे जाते।

क्या है तुर्किये और कुर्दिस्तान का विवाद

पहले सीरिया, इराक, ईरान, तुर्किये और आर्मेनिया जैसे देश ऑटोमन यानी उस्मानिया सल्तनत का हिस्सा था। प्रथम विश्व युद्ध में उस्मानिया सल्तनत की हार के साथ ही ये देश अलग-अलग हो गए। इन देशों में कुर्द लोगों की बड़ी आबादी रहती है और यह आबादी कुल साढ़े तीन करोड़ बताई जाती है। ये कुर्द लोग अपने लिए अलग देश यानी कुर्दिस्तान की मांग कर रहे हैं। तुर्किये की सीमा पर कुर्द लोग दावा करते हैं और इसे लेकर ही तुर्किए और कुर्द लड़ाकों में लड़ाई चल रही है। तुर्किये में कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी, कुर्द लड़ाकों का सबसे बड़ा संगठन है और गुरिल्ला लड़ाई से तुर्किए का मुकाबला कर रहा है। कुर्दों को इराक के उत्तर पश्चिम में एक स्वायत्त राज्य मिला हुआ है और तुर्किए के दक्षिण पूर्व में ये स्वायतता की मांग कर रहे हैं और सीरिया के उत्तर पश्चिम इलाके में भी कुर्दों का प्रभाव है। यही वजह है अब तुर्किये का वायुसेना ने इराक में मौजूद  कुर्द लड़ाकों के ठिकानों पर बम बरसाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds