रायपुर के बाद कोरबा में पकड़ा गया नक्सली, गिरफ्तार नक्सली जोड़े जग्गू और कमला से है कनेक्शन

रायपुर : रायपुर के चंगोराभाठा के बाद स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एसआईए) में कोरबा में छापा मारकर नक्सली रामा ईचा को गिरफ्तार किया है. वह कोयला खदान में काम करता है और कई मजदूर संगठनों से जुड़ा हुआ है.
रामा ईचा का कनेक्शन चंगोराभाठा में पकड़े गए जग्गू कुरसम उर्फ रमेश और उनकी पत्नी कमला कुरसम से है. वह लगातार दोनों के संपर्क में था और कई बार उनसे मिलने रायपुर भी आया है. जग्गू भी अपनी पत्नी के साथ उनसे मिलने कोरबा गया है. इनके बीच पैसों का भी लेन-देन हुआ है.
एसआईए(SIA) ने शनिवार शाम रामा को बिलासपुर एनआईए कोर्ट में पेश किया गया. वहां से उसे पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है. तकनीकी जांच के बाद दो और लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.
ठिकाने बदल रहा था जग्गू
जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार नक्सली जग्गू और उसके संपर्क में रहने वाले लोग लगातार अपना ठिकाना बदलते रहे. तीन माह से अधिक समय तक वे किसी एक जगह नहीं रहते थे. काम छोड़कर वे वापस बस्तर चले जाते और वहां से आकर नया ठिकाना ढूंढते थे. उसने कई बड़े नक्सलियों को रायपुर के झुग्गी इलाकों में ठहराया और उनकी मदद की है.