लॉगिन

कोहली के बाद भारत को लगा एक और बड़ा झटका, तीसरे टेस्ट से बाहर हुए केएल राहुल, जानें वजह…

Sports February 13, 2024 रिपोर्टर: Javed Akhtar
कोहली के बाद भारत को लगा एक और बड़ा झटका, तीसरे टेस्ट से बाहर हुए केएल राहुल, जानें वजह…

कोहली के बाद भारत को लगा एक और बड़ा झटका, तीसरे टेस्ट से बाहर हुए केएल राहुल, जानें वजह…

नईदिल्ली । IND vs ENG 3rd Test: भारत के सीनियर बल्लेबाज केएल राहुल (KL Rahul) अपनी ‘क्वाड्रिसेप्स’ चोट से पूरी तरह उबरने में विफल रहे, जिसके चलते सोमवार को वह इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट (India vs England Third Test) से बाहर हो गए. इसी चोट के कारण वे विशाखापत्तनम में दूसरे टेस्ट में भी नहीं खेल पाए थे. केएल राहुल की जगह अब कर्नाटक के बायें हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल (Devdutt Padikkal) टीम में शामिल होंगे.

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने एक प्रेस रिलीज में कहा, “केएल राहुल की बाकी बचे तीन टेस्ट मैचों में उपलब्धता उनकी फिटनेस पर निर्भर थी. वे राजकोट में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में नहीं खेल पाएंगे. राहुल ने 90 प्रतिशत मैच फिटनेस हासिल कर ली है तथा बीसीसीआई की चिकित्सा टीम की देखरेख में वह अच्छी प्रगति कर रहे हैं.” राहुल चौथे और पांचवें टेस्ट में वापसी करने की कवायद में बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में उपचार कराते रहेंगे. पांच मैच की सीरीज अभी 1-1 से बराबरी पर है.

मैच के लिए फिट नहीं हैं राहुल
चयनकर्ताओं ने बीसीसीआई की चिकित्सा टीम से हरी झंडी मिलने के आधार पर ही राहुल और रविंद्र जडेजा को टीम में शामिल किया था. बीसीसीआई के वरिष्ठ सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई से कहा, “केएल राहुल अभी तक राजकोट नहीं पहुंचे हैं. स्थानीय खिलाड़ी रविंद्र जडेजा टीम से जुड़ चुके हैं. टीम में शामिल होना फिटनेस पर निर्भर था और बीसीसीआई की चिकित्सा टीम को अब भी नहीं लगता कि वह मैच के लिए फिट हैं.”

पडिक्कल लेंगे राहुल की जगह
हाल के रणजी ट्रॉफी मैच में 23 साल के पडिक्कल ने 151 रन बनाए हैं और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर स्टैंड में बैठकर उनकी पारी देख रहे थे. इस घरेलू सत्र में पडिक्कल शानदार फॉर्म में हैं, उन्होंने पहले रणजी ट्रॉफी मैच में पंजाब के खिलाफ 193 रन और गोवा के खिलाफ 103 रन बनाये. रणजी के अलावा पडिक्कल ने भारत ‘ए’ के लिए इंग्लैंड लायंस के खिलाफ दो अनौपचारिक टेस्ट की तीन पारियों में 105, 65 और 21 रन बनाये.

तीसरे टेस्ट के लिए ये है टीम
तीसरे टेस्ट के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है: रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रीत बुमराह, यशस्वी जयसवाल, शुभमन गिल, रजत पाटीदार, सरफराज खान, ध्रुव जुरेल, केएस भरत , आर अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मो. सिराज, मुकेश कुमार, आकाश दीप, देवदत्त पडिक्कल.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds