डोडा के बाद कुपवाड़ा में मुठभेड़ शुरू, सेना और एसओजी के जवानों ने आतंकियों को घेरा

जम्मू कश्मीर : जम्मू संभाग के जिला डोडा के बाद कश्मीर के उत्तरी इलाके के जिला कुपवाड़ा के केरन सेक्टर में मुठभेड़ शुरू हो गई है। गुरुवार को सीमांत क्षेत्र केरन में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच गोलीबारी हुई। मौके पर सेना की 6 आरआर और पुलिस के एसओजी के जवानों ने मोर्चा संभाला हुआ है। दोनों ओर से गोलीबारी चल रही है।

जम्मू कश्मीर में गुरुवार को मौसम बिगड़ा हुआ है। कई इलाकों में बारिश हुई है। बादल छाए हुए हैं। इससे पहाड़ी इलाके धुंध से घिर जाते हैं। इसी बीच सुरक्षाबल आतंकियों से लोहा ले रहे हैं।  उधर, डोडा में भी मुठभेड़ चल रही है। बिगड़े मौसम के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है। डोडा में सोमवार से आतंकियों की तलाश के लिए अभियान चल रहा है। डोडा में चार दिनों में ये तीसरी मुठभेड़ है, लेकिन अभी सुरक्षाबलों को सफलता नहीं मिल पाई है। घने जंगल, ऊंचे पहाड़ और बिगड़ा हुआ मौसम सुरक्षाबलों के लिए चुनौती बना हुआ है, लेकिन जवान डटे हुए हैं। एक अधिकारी ने कहा कि जल्द ही आतंकियों का सफाया किया जाएगा। रामबन-डोडा रेंज के डीआइजी श्रीधर पाटिल ने कहा कि ऑपरेशन अभी चल रहा है। जल्द इसे पूरा कर लिया जाएगा।

देर रात करीब दो बजे डोडा के कास्तीगढ़ इलाके में हुई मुठभेड़ में दो जवान घायल हुए हैं। उन्हें राजकीय अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद कमान अस्पताल भर्ती कराया गया है। यहां उनका उपचार चल रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि इलाके में सर्च ऑपरेशन चल रहा है। इसी बीच रात में सेना ने संदिग्ध गतिविधियां देखी। तुरंत तलाशी के दौरान आतंकवादियों से संपर्क स्थापित हुआ, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि शुरुआती गोलीबारी के दौरान सेना के दो जवान घायल हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds