सवा महीने बाद नौ के खिलाफ बलवा और हत्या का केस दर्ज, शराब दुकान के सामने मारपीट में घायल की हुई थी मौत

रायपुर : सवा महीने पहले मंदिर हसौद इलाके के नवा रायपुर स्थित शराब दुकान में शराब लेने की बात को लेकर विवाद के बाद हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक युवक की मौत हुई थी। पुलिस ने जांच के बाद नौ लोगों के खिलाफ हत्या व बलवा का केस दर्ज किया है। फिलहाल आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

मिली जानकारी के अनुसार 15 नवंबर की शाम को चार बजे नवा रायपुर सीबीडी बिल्डिंग स्थित प्रीमियम विदेशी मदिरा दुकान में शराब लेने की बात को लेकर कुछ लोगों में मारपीट हुई। इसमें गंभीर रूप से घायल ग्राम बडौदा निवासी गौकरण यादव और कृष्ण कुमार ध्रुव को आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 18 नवंबर को गौकरण यादव की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

अत्यधिक खून बहने से हुई थी मौत

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डाक्टर ने यह उल्लेखित किया कि गौकरण की मौत पेट में चोट आने के कारण अंतड़ी फटने से अत्यधिक खून बहने के कारण हुई। घटना स्थल में लगे सीसीटीवी कैमरा का फुटेज खंगालने पर गौकरण यादव और कृष्ण कुमार ध्रुव के साथ कुछ युवक हाथ-मुक्का, लात व डंडे से मारपीट करते दिखाई दिए।

सभी आरोपित एक ही गांव के

इसके आधार पर आरोपितों की पहचान सुनील पाल, हरीश यादव, साहेब दास मानिकपुरी, भूपेंद्र बंजारे, जय प्रकाश पाल, दीपक दास मानिकपुरी, आदित्य राज कंडरा सभी ग्राम कयाबांधा (नवा रायपुर) निवासी और ग्राम कुहेरा निवासी प्रकाश पाल, हरीश धीवर के रूप में की गई। पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds