चरित्र शंका में युवक की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

बिलासपुर : जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में चरित्र शंका के चलते मारपीट कर एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान नंद किशोर वैष्णव के रूप में हुई है, जिसे तीन लोगों ने लात-घूंसे और लकड़ी के डंडे से बेरहमी से पीटा। गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या के इस मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

मृतक नंद किशोर वैष्णव अनुराग गली स्थित ऑटो पार्ट्स दुकान के पास मौजूद था। उसी दौरान आरोपी गौकरण गेंदले, शैलेंद्र सेंगर और गजेंद्र सेंगर वहां पहुंचे और चरित्र शंका को लेकर मृतक से विवाद करने लगे। गुस्से में तीनों ने मिलकर नंद किशोर को लात, घूंसे और लकड़ी के बत्ते से बुरी तरह पीटा, जिससे उसके शरीर में गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल डायल 112 की मदद से बिल्हा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर छोड़ दिया गया.

हालांकि रात करीब 12:30 बजे मृतक की तबीयत दोबारा बिगड़ गई, जिसके बाद फिर से उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच के दौरान सामने आया कि मृतक की आरोपी गौकरण की पत्नी से पुरानी जान-पहचान थी, जिससे नाराज होकर उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर नंद किशोर की जान ले ली। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बीएनएस की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है और उन्हें न्यायिक रिमांड पर कोर्ट में पेश किया गया है|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds