प्रेम प्रसंग के मामले में बवाल, हिन्दु संगठनों ने किया चक्काजाम, फिनाईल का सेवन कर युवक अस्पताल में भर्ती

राजनांदगांव : शहर में हिन्दू धर्म की युवती के साथ मुस्लिम धर्म के युवक के प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। दोनों ने कोर्ट मैरीज के लिए आवेदन किया था, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ और नाराज हिन्दू संगठन ने महावीर चौक मे चक्का जाम कर दिया। युवती लगभग एक माह से युवक के साथ फरार चल रही थी।
मुस्लिम युवक के साथ हिंदू समाज की युवती के द्वारा प्रेम प्रसंग और विवाह के लिए आवेदन किए जाने के बाद हिंदू संगठनों में इस प्रेम विवाह को लेकर आक्रोश नजर आया । इधर युवती के पिता के द्वारा कोतवाली थाने में गुम इंसान रिपोर्ट दर्ज कराया गया था । विवाह तिथि से पूर्व युवक – युवती कोतवाली थाने पहुंचकर अपने बालिग होने का प्रमाण प्रस्तुत करते हुए एक दूसरे के साथ रहने बयान दिया। लेकिन हिंदू संगठन के लोगों ने युवती को उसके परिजन को सौंपने की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
हिंदू संगठन के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने युवती को सखी सेंटर भिजवा दिया, तो वही मंगलवार की देर रात युवक के द्वारा फिनाईल सेवन किए जाने का मामला सामने आया है । इसके बाद युवक को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
कुछ दिनों पूर्व दोनों युवक-युवती घर से चले गए थे जिसके बाद युवती के परिजनों ने थाना कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने दोनों को एसडीएम न्यायालय के समक्ष पेश किया। वहां दोनों के बयान दर्ज किए गए। बयान प्रक्रिया के बाद युवती को मुस्लिम पक्ष के साथ भेजे जाने की जानकारी सामने आते ही युवती के परिजन और हिंदू संगठन नाराज हो गए।