तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 3 की मौत 8 गंभीर रूप से घायल

जांजगीर-चांपा : जिले के संकर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होकर पलटने से 3 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 2 युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, वहीं 80 साल की बुजुर्ग महिला ने बिलासपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ा। करीब 30 ग्रामीण घायल हैं। इनमें से गंभीर रूप से घायल 8 लोगों को बिलासपुर रेफर किया गया है। सभी महाशिवरात्रि का मेला देखकर वापस लौट रहे थे।

अकलतरा थाना प्रभारी उमेश साहू ने बताया कि संकर गांव के रहने वाले 30 से ज्यादा लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर परसही नाला गांव में आयोजित महाशिवरात्रि के मेले में गए हुए थे। वहां से शनिवार देर शाम ये सभी वापस लौट रहे थे, लेकिन तेज रफ्तार ट्रैक्टर गांव से थोड़ी दूर पहले ही अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे से 5 फीट नीचे जाकर पलटा, जिससे वहां चीख-पुकार मच गई। हादसे में दुर्गेश सिंह ठाकुर (19 वर्ष) और युगल किशोर पटेल (25 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।

बुजुर्ग महिला की भी मौत, 8 से ज्यादा की हालत गंभीर

वहीं 30 ग्रामीण घायल हो गए, जिनमें से महिला-पुरुष समेत 8 लोगों से ज्यादा लोगों की हालत गंभीर है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अकलतरा सीएचसी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 8 लोगों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया। हालांकि बिलासपुर में इलाज के दौरान 80 साल की बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। बाकी गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds