CG : आज शुष्क रहेगा राजधानी का मौसम, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंशिक रूप से छाए रहेंगे बादल

रायपुर। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण सोमवार को राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। साथ ही मौसम शुष्क रहने के भी आसार हैं। हालांकि अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। रविवार को राजधानी सहित प्रदेश के एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा के साथ कुछ जगहों पर छींटे पड़ते दिखाई दिए।

मौसम विज्ञानी एपी चंद्रा ने बताया कि मध्य अफगानिस्तान और उससे लगे क्षेत्र में एक चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। साथ ही मध्य क्षोभमंडल स्तर पर उत्तरी अरब सागर तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इसी कारण अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है। नमी आने के कारण सोमवार को राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। बता दें कि राजधानी सहित प्रदेशभर में अधिकतम तापमान पिछले औसत से लगभग सभी जगहों पर ज्यादा ही चल रहा है। यह राजनांदगांव में सर्वाधिक सात डिग्री, दुर्ग, जगदलपुर व रायपुर में एक डिग्री ज्यादा है। वहीं, अंबिकापुर में यह औसत से चार डिग्री कम, पेंड्रा रोड में दो डिग्री और बिलासपुर में एक डिग्री कम है।

10 वर्षों में जनवरी-फरवरी में सबसे कम ठंड

10 वर्षों में पहली बार ऐसा हुआ है कि जनवरी व फरवरी माह में ठंड काफी कम पड़ी है। उत्तर छत्तीसगढ़ को छोड़ दिया जाए तो मध्य छत्तीसगढ़ में तो इस वर्ष शीतलहर नहीं पड़ी है, बल्कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से न्यूनम तापमान में बढ़ोतरी रही है। ठंड कम पड़ने के चलते इस वर्ष गर्म कपड़ों का कारोबार भी काफी कम रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds