पति से विवाद के बाद मां ने 8 माह के बच्चे को चाकू से काट डाला, आंतें तक बाहर निकली

सरगुजा : जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने 8 महीने के बच्चे को चाकू से गोद कर मौत के घाट उतार दिया। यह घटना सरगुजा के कुन्नी पुलिस चौकी के ग्राम सकरिया की है। पुलिस ने महिला के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

पुलिस ने शुरुआती जांच की तो पता चला कि महिला का उसके पति से शराब पीने को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। दोनों का 8 महीने का एक बच्चा भी था। महिला फूलकुमारी ने पति के साथ विवाद का सारा गुस्सा अपने बेटे पर निकाल दिया। महिला ने चाकू से गोदकर अपने बेटे की हत्या कर दी। घर के लोगों ने जब यह मंजर देखा तो हाहाकार मच गया। आसपास के लोग भी इकट्ठे हो गए। इसके बाद पुलिस के घटना की जानकारी दी गई।

बच्चे की हत्या की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस कुन्नी चौकी प्रभारी राजेश्वर महंत ने बताया कि पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी मां की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds