कर्नाटक में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म! अब तक चार आरोपी गिरफ्तार, 3 फरार
हावेरी। कर्नाटक के हावेरी जिले में एक अंतरधार्मिक प्रेमी जोड़े को जबरन उठाने का मामला सामने आया था। बता दें कि आरोपियों ने जोड़े का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई की थी और विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर दो आरोपितों को दबोच लिया था।
वहीं, अब मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर हावेरी के एसपी अंशु कुमार ने कहा कि पीड़िता को मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर सीआरपीसी की धारा 164 के तहत उसका बयान दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने अपने बयान में सात लोगों पर आरोप लगाया है। इनमें से तीन को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। एक अस्पताल में है, अन्य तीन फरार हैं। हम बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार करेंगे।
क्या है पूरा मामला?
नैतिकता के ठेकेदार छह युवकों ने जबरन एक होटल में घुसकर वहां कमरे में मौजूद अंतरधार्मिक प्रेमी जोड़े को पहले पीटा और फिर जबरन उठा ले गए। उसके बाद वे जोड़े को एक सुनसान स्थान पर ले गए और वहां उनसे अभद्र व्यवहार किया, उनकी फिर जमकर पिटाई की, महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। साथ ही वीडियो भी बनाया।
हैवानियत का खेल यहीं नहीं रुका, बल्कि आरोपितों ने महिला का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर भी प्रसारित कर दिया।
8 जनवरी को होटल में हुई थी घटना
मिली जानकारी के अनुसार, घटना आठ जनवरी की है। हावेरी जिले के हनागल में अल्पसंख्यक समुदाय की 26 वर्षीय एक विवाहित महिला दूसरे धर्म के एक 40 वर्षीय बस चालक के साथ अपराह्न एक बजे होटल के एक कमरे में पहुंची थी। महिला और पुरुष पिछले तीन वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे।
मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि होटल के कमरे के भीतर घटी इस घटना का गिरोह के सदस्यों ने वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया। प्रसारित वीडियो में छह लोगों को एक कमरे का दरवाजा खटखटाते हुए देखा जा सकता है। जब व्यक्ति ने दरवाजा खोला तो हमलावर जबरन कमरे के अंदर घुस गए और महिला के पास पहुंचे। हमलावरों ने प्रेमी जोड़ों के साथ अभद्र व्यवहार किया, उनके साथ मारपीट की और महिला का वीडियो भी बनाया। इस दौरान महिला बुर्के से अपना चेहरा ढकने की कोशिश करती नजर आई।
महिला के पति ने आरोपियों पर लगाया सामूहिक दुष्कर्म का आरोप
पुलिस के अनुसार, जब प्रेमी जोड़ा होटल में दाखिल हुआ तो एक आटो रिक्शा चालक ने उन्हें देख लिया। बुर्का पहने महिला को दूसरे समुदाय के एक व्यक्ति के साथ देखकर उसने तुरंत स्थानीय लड़कों के एक गिरोह को इसकी सूचना दी। लड़के भी अल्पसंख्यक समुदाय के ही थे।
पुलिस ने बताया कि 15 मिनट के भीतर ही 23 से 26 वर्ष की उम्र के छह युवकों का एक गिरोह होटल पहुंच गया और प्रेमी जोड़े के कमरे में जबरन घुस गए और उन पर हमला कर दिया। इसके बाद हमलावरों ने जोड़े को कमरे से बाहर खींच लिया।
उसके बाद तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आया ये गिरोह प्रेमी जोड़े को होटल से करीब एक किलोमीटर दूर सुनसान जगह पर ले गया। वहां पहुंचकर उन्होंने प्रेमी जोड़े की पिटाई की। महिला के साथ दुर्व्यवहार किया और उसे लाठियों से पीटा। उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। उसके बाद गिरोह ने उसे 500 रुपये दिए और अपने घर जाने के लिए कहा। बाद में महिला अपने घर चली गई।