भरतपुर चुनावी रैली में गरजे पीएम मोदी, कहा राजस्थान की जनता कह रही है ‘3 दिसंबर, कांग्रेस छू मंतर’

भरतपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान के दौरे पर हैं। पीएम मोदी ने भरतपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार जहां-जहां बनती है वहां-वहां आतंकवादी, अपराधी और दंगाई बेलगाम हो जाते हैं। कांग्रेस के लिए तुष्टिकरण ही सबकुछ है। कांग्रेस तुष्टिकरण के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान की जनता उनसे कह रही है ‘3 दिसंबर, कांग्रेस छू मंतर’।

‘3 दिसंबर, कांग्रेस छू मंतर’

भरतपुर में पार्टी की ‘विजय संकल्प सभा’ को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस ने राजस्थान को भ्रष्टाचार, दंगा और अपराध के मामले में अग्रणी बना दिया और इसलिए राजस्थान कह रहा है कि जादुगर जी वोट नहीं मिलेंगे। कुछ लोग यहां खुद को जादुगर कहते हैं। पीएम मोदी ने कहा, अब से ठीक एक हफ्ते बाद राजस्थान में वोटिंग होने वाली है. हर तरफ एक ही गूंज, जन-जन की यही पुकार, भाजपा सरकार। यहां कुछ लोग खुद को जादूगर कहते हैं। अब राजस्थान की जनता उनसे कह रही है ‘3 दिसंबर, कांग्रेस छू मंतर’।

कांग्रेस ने प्रदेश में महिलाओं का भरोसा तोड़ा

जहां कांग्रेस की सरकार है वहां आतंकवाद, अत्याचार ये सब बेलगाम है। कांग्रेस ने प्रदेश में महिलाओं का भरोसा तोड़ा है। क्या मुख्यमंत्री प्रदेश की महिलाओं की सुरक्षा कर सकते हैं जो खुद कह रहे हैं कि महिलाएं फर्जी बलात्कार के मामले दर्ज कराती हैं। ऐसी महिला द्वेषी पार्टी को सजा मिलनी चाहिए। कांग्रेस के मंत्री प्रदेश की महिलाओं के प्रति ओछी मानसिकता रखते हैं। वे ऐसा कहते हैं ( बलात्कार) इसलिए हो रहा है क्योंकि राजस्थान पुरुषों की भूमि है।

आपसे किए वादे जरूर पूरे होंगे, ये मोदी की गारंटी है

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘राजस्थान में बीजेपी ने एक शानदार संकल्प पत्र जारी किया है। भाजपा का संकल्प राजस्थान को देश का अग्रणी राज्य बनाना है। भाजपा का संकल्प राजस्थान में भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार करना है। भाजपा का संकल्प हमारी बहनों और बेटियों के लिए सुरक्षित वातावरण बनाना है। हम राजस्थान भाजपा द्वारा किए गए वादों को पूरा करने की पूरी कोशिश करेंगे। आपसे किए गए ये वादे जरूर पूरे होंगे, ये भी मोदी की गारंटी है। पीएम नेकहा, ‘‘आज दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। ये मतदाताओं के कारण हो रहा है क्योंकि आपने वोट देकर दिल्ली में स्थिर व मजबूत सरकार बनाई है, इसलिए आज भारत हर मैदान में जीत रहा है।

दलित विरोधी है कांग्रेस

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए इन्हें दलित विरोधी बताया। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस राज में दलितों पर अत्याचार के नये रिकार्ड बन रहे हैं। कांग्रेस स्वभाव से दलित विरोधी है। हाल ही में देश को पहला दलित मुख्य सूचना आयुक्त मिला, उनका नाम हीरालाल सामरिया है। वे डीग गांव के रहने वाले हैं। लेकिन कांग्रेस को एक दलित अधिकारी की नियुक्ति रास नहीं आई। कांग्रेस किसी दलित अधिकारी को बड़े पद पर पहुंचते नहीं देख सकती. ये वही कांग्रेस है जिसने रामनाथ कोविन्द का विरोध किया और हमेशा बाबा साहेब अम्बेडकर का अपमान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds