पाटन से भाजपा के प्रत्याशी सांसद विजय बघेल ने कहा, ‘मैं सीएम को हराने वाला हूं…सिंहदेव करते हैं मेरा सम्मान’

अंबिकापुर : भाजपा के घोषणापत्र समिति के संयोजक और पाटन से भाजपा के प्रत्याशी सांसद विजय बघेल ने कहा कि प्रदेश में किसान प्रताड़ित हैं। किसानों के साथ दादागिरी करते हुए उन्हें वर्मी कंपोस्ट थमाया जा रहा है। प्रदेश में किसानों को धान की कीमत को लेकर झूठ बोला जा रहा है। उनका भरोसा नहीं है, कांग्रेस के लोग धान का समर्थन मूल्य पांच हजार भी बोल सकते हैं, उन्हें देना ही नहीं है।

सरगुजा संभाग के 14 विधानसभा क्षेत्रों में संकल्प पत्र के लिए लोगों का सुझाव लेने पहुंचे सांसद विजय बघेल ने कहा कि वे भाजपा का घोषणापत्र बनाने के लिए प्रदेश के सभी 90 विधानसभा तक पहुंचेंगे। भाजपा का सुझाव पेटी सभी विधानसभाओं में रखा गया है। सरगुजा संभाग में वे 13 सितंबर तक रहेंगे। घोषणा पत्र समिति लोगों के बीच में जा रही है और हम लोगों के मन की बात जान रहे हैं। हर वर्ग को सरकार से अपेक्षाएं रहती हैं।

विजय बघेल ने कहा कि घोषणा पत्र से सरकार बनती है और नहीं बनती है। पिछले चुनाव में कांग्रेस ने जनता के साथ धोखा और फरेब किया। उसका लोगों के मन में दर्द है पछतावा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, दैनिक वेतन भोगी से लेकर मंत्रालय के कर्मचारी, किसान, बेरोजगार, युवाओं सभी में सरकार के प्रति आक्रोश है। बड़े उद्योगपति, व्यापार, डाक्टर, सीए, चेंबर ऑफ कामर्स के लोग हमें सुझाव दे रहे हैं। लोग समझ गए हैं कि भाजपा जो कहती है, करती है और कांग्रेस जो कहती है, करती नहीं है। विजय बघेल ने दावा किया भाजपा सरगुजा संभाग की सभी 14 सीटों पर जीत दर्ज करेगी।

सांसद विजय बघेल ने सेंट्रल पूल में चावल खरीदी का कोटा घटाए जाने को लेकर कहा कि पिछले वर्षों में छत्तीसगढ़ में जितना चावल उत्पादन हुआ, उसे आधार बनाकर केंद्र सरकार ने कोटा तय किया है। हमारी सरकार आई तो खेती को उद्योग में बदला जाएगा। समर्थन मूल्य पर धान बेचने के अलावा किसान अपने चावल की मिलिंग कर स्वयं बेचेंगे। किसानों को मार्केटिंग प्लेटफार्म भी देंगे। बघेल ने कहा कि भाजपा का चुनावी घोषणा पत्र जल्द जारी होगा। भाजपा का घोषणापत्र कांग्रेस से बेहतर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds