लॉगिन

4 सिंतबर के बाद छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, गिरेगा तापमान और होगी बारिश

Chhattisgarh September 2, 2023 रिपोर्टर: shailesh
4 सिंतबर के बाद छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, गिरेगा तापमान और होगी बारिश

4 सिंतबर के बाद छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, गिरेगा तापमान और होगी बारिश

रायपुर : मानसून द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार चार सितंबर से प्रदेश में अच्छी बारिश शुरू होने के आसार है। साथ ही तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी। विभाग के अनुसार शनिवार व रविवार को तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है और हल्की से मध्यम बारिश के आसार है।

शुक्रवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा रहा। इसी प्रकार बिलासपुर में अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस और राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 48 घंटों में मौसम का मिजाज बदलने के आसार नहीं है,लेकिन उसके बाद प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलेगा और अच्छी बारिश की उम्मीद बनी हुई है।

25 वर्षों बाद बनी ऐसी स्थिति

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इस प्रकार की स्थिति लगभग 25 वर्ष पहले प्रदेश में बनी थी, जब सावन लगभग सूखा रहा और सावन माह में भी लोग गर्मी व उमस से परेशान रहे। इस वर्ष भी मानसून ब्रेक के चलते अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी बनी हुई है और उमस भी बढ़ी है। मानसूनी ब्रेक ने किसानों की चिंताएं भी बढ़ा दी है। प्रदेश में एक जून से लेकर 29 अगस्त तक की स्थिति में सामान्य से 19 फीसद कम बारिश हुई है। इसमें बीजापुर जिले में सर्वाधिक और सरगुजा जिले में सबसे कम बारिश हुई है।

बारिश ने दिलाई उमस से राहत

सुबह की तपिश के बाद दोपहर को रायपुर में मौसम का मिजाज फिर से बदला और कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। इसके चलते मुख्य मार्गों के साथ ही गली मुहल्लों में भी जलभराव की स्थिति रही। बारिश के चलते उमस से राहत मिली।

यह बन रहा सिस्टम

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर 1.5 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से ही शनिवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। साथ ही कुछ क्षेत्रों में बिजली भी गिर सकती है।

रायपुर जिले में 901.9 मिमी बारिश

रायपुर जिले में एक जून से लेकर 29 अगस्त तक 901.9 मिमी बारिश हुई है। यह बारिश सामान्य की तुलना में 10 फीसद ज्यादा है। सामान्य रूप से रायपुर जिले में 29 अगस्त तक 820.7 मिमी बारिश होनी थी। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष रायपुर जिले में काफी ज्यादा बारिश हुई है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले दिनों में अभी अच्छी बारिश भी होनी है। प्रदेश में अभी तक 736.2 मिमी बारिश हुई है,जो सामान्य से 19 फीसद कम है।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds