डूरंड कप के एंथम ‘भिड़े’ में शामिल हुए विक्की कौशल, बोले- मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं

मुंबई : प्रतिष्ठित डूरंड कप ने अपना 132वां संस्करण एंथम ‘भिड़े’ जारी कर दिया है, जिसमें राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता और सेना के पसंदीदा लड़के विक्की कौशल शामिल हैं। भारतीय सशस्त्र बलों के जरिए आयोजित यह गीत उनकी भावना के सार को पूरी तरह से दर्शाएगा है और निश्चित रूप से फुटबॉल प्रेमियों के साथ जुड़ने के लिए उत्साह की एक नई कड़ी जोड़ देगा।
भारतीय सेना के साथ अपने प्रसिद्ध जुड़ाव पर बात करते हुए विक्की ने कहा कि भारतीय सेना के साथ मेरा जुड़ाव हमेशा विशेष रहा है। इस वर्ष मैं प्रतिष्ठित डूरंड कप में शामिल होकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं, जिसका आयोजन भारतीय सेना द्वारा तीनों सेनाओं की ओर से किया जाता है। मैं डूरंड कप के आयोजकों और सभी भाग लेने वाली टीमों को शुभकामनाएं देता हूं। जय हिन्द।
डूरंड कप एंथम ‘भिड़े’ अगस्त और सितंबर में ऐतिहासिक फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान स्टेडियम में बजाया जाएगा। यह गाना अरिजीत द्वारा संगीतबद्ध किया गया है, जिसे उन्होंने और रैपर डिवाइन ने गाया है और इसके बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं। वहीं, वीडियो मुंबई में शूट किया गया था। सेना के अधिकारियों के अनुसार, सियाचिन, जैसलमेर और अन्य स्थानों के क्लिप वीडियो का हिस्सा हैं, जो खेल के प्रति देश के जुनून को दिखाने के लिए बनाया गया है ।
वहीं, बात करें विक्की कौशल की आने वाली फिल्म के बारे में तो हाल ही में वह सारा अली खान के साथ रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा फिल्म ‘जरा हटके जरा बचके’ में नजर आए थे। वहीं अब विक्की कौशल फिल्म ‘सैम बहादुर’ में फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ की भूमिका निभाते नजर आएंगे, जो एक दिसंबर, 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।