20 लाख के बाघ की खाल, नाखून और दांत के साथ 4 शिकारी गिरफ्तार

कोंडागांव : जिले में करीब 20 लाख रुपए के बाघ की खाल, नाखून और दांत के साथ 4 शिकारियों को पकड़ा गया है। करीब 4 महीने पहले इन्होंने ओरछा इलाके के जंगल में तीर से बाघ का शिकार किया था। फिर खाल, नाखून और दांत निकाले और मांस को खा लिए थे। अब बेचने निकले तो पुलिस ने इन्हें पकड़ लिया है। बाघ की उम्र करीब 3 साल थी।

पुलिस को सूचना मिली थी कि टेमरू गांव के नजदीक कुछ लोग बाघ की खाल बेचने के लिए निकले हैं। ग्राहक का जुगाड़ कर रहे हैं। इसी सूचना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जवानों को देखकर सभी युवक यहां-वहां से भागने लगे। जिसके बाद चारों को पकड़कर थाना लाया गया। आरोपियों का नाम कारूराम गोटा (28), सोनू राम (41), देउराम उसेंडी (40), लखमु ध्रुव (35) है। सभी नारायणपुर जिले के ओरछा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि, गांव के जंगल में बाघ होने की खबर मिली थी। फिर उसे मारने की प्लानिंग की। जिसके बाद हरदिन बाघ को ढूंढने के लिए जंगल जाते थे। फिर एक दिन शाम के समय बाघ का शिकार किया। उस पर करीब 3 से 4 बार तीर से हमला किया गया। एक तीर पेट पर लगा। जिससे बाघ की मौत हो गई।

बाघ को मारकर मांस खा लिए थे आरोपी

खाल, दांत और नाखून निकाल कर मांस को पकाकर सभी शिकारी खा लिए थे। उसी ठिकाने पर बाघ की खाल को छिपाकर रखे हुए थे। शिकार के बाद से खाल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में जुटे हुए थे। अब एक दिन पहले बयानार इलाके में खाल के साथ ग्राहक ढूंढने आए तो पुलिस ने पकड़ लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds