सलमान खान ने ठुकरा दिया था ‘तेरे नाम’ का ऑफर, शिल्पा शेट्टी और 18 हजार रुपये ने बदल दिया सबकुछ

मुंबई : ‘तेरे नाम’ का ‘राधे मोहन’। या ‘राधे’ कह लो। उसके चलने का स्टाइल, कपड़े पहनने का स्टाइल, बालों का स्टाइल… सबकुछ उस जमाने के लड़कों ने कॉपी किया था। फिल्म के गानें लोगों की जुबां पर इस कदर छाए थे कि हर कोई ‘दीवाना’ और ‘देवदास’ बना घूम रहा था।
ये बात है आज से करीब 20 साल पहले की। साल 2003 में सलमान खान की ‘तेरे नाम’ रिलीज हुई और फिर जो हुआ, वो 90 के दशक के हर बच्चे को याद जरूर होगा। लेकिन क्या आप जानते हैं कि 24 अवॉर्ड्स के लिए नॉमिनेट होने वाली इस फिल्म को पहले सलमान खान नहीं करना चाहते थे, इसकी वजह काफी दिलचस्प थी, लेकिन उन्होंने फिल्म क्यों की, ये जानकर भी आप दंग रह जाएंगे, क्योंकि इसका कारण शिल्पा शेट्टी थीं!
सलमान खान ने 1988 में ‘बीवी हो तो ऐसी’ में देवर का किरदार निभाकर एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था और ठीक एक साल बाद 1989 में ‘मैंने प्यार किया’ से बॉलीवुड में अपना दमखम दिखाया था। इस फिल्म के साथ सलमान ने बता दिया था कि वो हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में लंबी पारी खेलने आए हैं। इसके बाद उन्होंने ‘सनम बेवफा’, ‘साजन’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘अंदाज अपना अपना’, ‘करण अर्जुन’, ‘जुड़वा’, ‘प्यार किया तो डरना क्या’, ‘हम दिल दे चुके सनम’ और ‘हम साथ साथ हैं’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं।
विवादों से खूब जुड़ा था नाम, मटियामेट होने लगी थी इमेज
इस दौरान सलमान खान का नाम विवादों से भी जुड़ता चला गया। 1999 के बाद उनकी कई फिल्में फ्लॉप रहीं। साल 2000, 2001 और 2002 में उनके सितारे गर्दिश में रहे। ना तो फिल्में ठीक से चल रही थीं और ना ही पर्सनल लाइफ। कभी उनका नाम किसी एक्ट्रेस संग मारपीट से जुड़ता तो कभी किसी एक्टर का करियर खत्म करने के इल्जाम लगते। यानी कुल मिलाकर उनका करियर ढलान पर था और उन्हें एक जबरदस्त हिट की दरकार थी।
‘तेरे नाम’ ने सलमान को वापस दिलाई शोहरत-कामयाबी
फिर आया 15 अगस्त 2003। वो दिन, जब ‘तेरे नाम’ रिलीज हुई। इस फिल्म ने सलमान खान को वापस उसी मुकाम पर पहुंचाया, जहां पर वो थे। उन्हें वही शोहरत और कामयाबी मिली। एकदम से हर तरफ सलमान की ‘लहर’ दौड़ गई। उनकी एक्टिंग के साथ-साथ फिल्म की कहानी और गानें हर तरफ छा गए थे। फैंस एक बार फिर से सलमान से इमोशनली जुड़ गए थे। लेकिन आइये आपको इस फिल्म से जुड़ा एक किस्सा सुनाते हैं, जोकि ये है कि सलमान ये फिल्म नहीं करना चाहते थे!
इस वजह से फिल्म को ठुकरा दिया था
सलमान खान ने रिएलिटी शो में ये दिलचस्प बात बताई थी। उन्होंने बताया कि जब उन्हें स्क्रिप्ट सुनाई गई तो उन्हें बाल मुंडवाना थोड़ा अखरा। वो अपने बाल नहीं मुंडवाना चाहते थे। इसलिए उन्होंने फिल्म करने से मना कर दिया।
हर किसी ने दी थी फिल्म ना करने की सलाह
सलमान खान बताते हैं कि हर किसी ने उनसे इस फिल्म को ना करने की सलाह दी थी, लेकिन कहीं ना कहीं उन्हें लग रहा था कि फिल्म करनी चाहिए। फिर उन्हें बताया गया कि शूटिंग के लिए बाल मुंडवाने पड़ेंगे। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा, ‘बाल कैसे मुंडवाएंगे! बाल के साथ नहीं हो सकता क्या? मेकर्स ने बोला कि नहीं। इसके बाद ये पिक्चर उनके हाथ से चली गई।
शिल्पा शेट्टी बनीं वजह!
उन दिनों सलमान खान ‘शादी करके फंस गया यार’ की शूटिंग कर रहे थे। दूर एक मंदिर था, जिसकी करीब 400 सीढ़ियां चढ़नी थी। डायरेक्टर रात को आए तो सलमान ने बोला, ‘कल की शूटिंग मत करो। मेरी तबीयत थोड़ी सी डाउन है।’ वो बोले, ‘शिल्पा शेट्टी की डेट है। लोकेशन के लिए 18 हजार रुपये भरे हैं।’ सलमान ने तपाक से कहा, ‘पैसे मुझसे ले लो, लेकिन शूटिंग कैंसिल कर दो, लेकिन वो नहीं माने।’
सलमान ने ट्रिमर से सारे बाल हटा लिए
फिर सलमान ने उनसे बोला, ‘ठीक है सुबह 6 बजे मुझे पिक करने आ जाना।’ वो बातते हैं कि मेकर्स जैसे ही गए। वो सीधे बाथरूम में गए और ट्रिमर से बाल उड़ा लिए। फिर वो सुबह 6 बजे आए। सलमान ने कहा, ‘चले शूटिंग करें?’ सलमान का हाल देखकर वो बोले, ‘तू 18 हजार देने वाला था ना। दे दो। शूटिंग कैंसल कर देता हूं मैं।’इसके बाद सलमान ने ‘तेरे नाम’ के मेकर्स को बताया कि बाल उड़ गए हैं, इसलिए शूटिंग कर लो। हालांकि, इसके बाद सलमान को 3 बार अपने बाल मुंडवाने पड़े, क्योंकि शूटिंग करीब 6 महीने बाद शुरू हुई थी।