रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता वरिष्ठ वकील कनक तिवारी का गुरुवार को निधन हो गया है। दुर्ग के बीएम शाह अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को होगा। स्वर्गीय कनक तिवारी अविभाजित मध्यप्रदेश में गृह निर्माण मंडल के चेयरमैन भी रहे।
तिवारी गांधीवादी विचारक, लेखक और पत्रकार भी थे। विधि और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में वे एक सशक्त रहे। उनकी आवाज के शांत होने से प्रदेश में शोक की लहर है उनकी बेटी सिंगापुर में निवासरत हैं। उनके आगमन के पश्चात अंतिम संस्कार होगा।
छत्तीसगढ़ के महाधिवक्ता रहे
कनक तिवारी छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता, पूर्व महाधिवक्ता संविधान विशेषज्ञ, विचारक और लेखक थे। उनका जन्म 26 जुलाई 1940 को हुआ। उनका पैतृक जुड़ाव राजनांदगांव और दुर्ग से रहा है। उन्होंने स्कूली शिक्षा राजनांदगांव से प्राप्त की। रायपुर के साइंस कॉलेज से विज्ञान की पढ़ाई के बाद उन्होंने अंग्रेजी साहित्य में एम.ए. किया। बाद में उन्होने रविशंकर विश्वविद्यालय से वर्ष 1971 में एल.एल.बी. की परीक्षा स्वर्ण पदक के साथ उत्तीर्ण की।
अध्यापन और पत्रकारिता से भी जुड़े रहे
करियर की शुरुआत उन्होंने अंग्रेजी साहित्य के प्राध्यापक के रूप में की और लगभग 8-9 वर्षों तक कॉलेजों में पढ़ाया। इसके बाद वे पीटीआई, नवभारत और नवभारत टाइम्स जैसे समाचार माध्यमों मे रहे ।
वकालत का लंबा अनुभव
वर्ष 2002 से वे छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में कार्यरत रहे। दिसंबर 2018 में उन्हें छत्तीसगढ़ का महाधिवक्ता नियुक्त किया गया। वे छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में वरिष्ठ वकील रहे।
सार्वजनिक एवं प्रशासनिक कार्यों से जुड़े रहे
स्व. तिवारी अविभाजित मध्य प्रदेश में मध्य प्रदेश गृह निर्माण मंडल और मध्य प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष तथा छत्तीसगढ़ राष्ट्रभाषा प्रचार समिति के कार्यकारी अध्यक्ष जैसे पदों पर भी रहे।
कई पुस्तकों का लेखन
गांधीवादी और समाजवादी विमर्श से जुड़े कनक तिवारी संविधान, राजनीति, समाज और आदिवासी मुद्दो पर निरंतर लिखते है। उनकी प्रमुख कृतियों में संविधान का सच, ‘फिर से हिंद स्वराज’, ‘बस्तर-लाल क्रांति बनाम ग्रीन हंट’, ‘काल इनमें ठहर गया है और विवेकानंद का जनधर्म शामिल है।