रायपुर. छत्तीसगढ़ में घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को बिल में राहत देने के लिए पावर वितरण कंपनी नई योजना तैयार कर रही है. इसके तहत सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक यानी सोलर आवर्स में अधिक बिजली इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट 20 पैसे से लेकर 50 पैसे तक की छूट देने का प्रस्ताव है. कंपनी का उद्देश्य दिन में उपलब्ध सौर ऊर्जा का अधिकतम उपयोग करना और शाम के समय बिजली की मांग का दबाव कम करना है.
दरअसल, प्रदेश में सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन बढ़ रहा है. दिन के समय बिजली की उपलब्धता पर्याप्त रहती है, लेकिन शाम 5 बजे के बाद सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन बंद होने के कारण मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बनाना चुनौतीपूर्ण हो जाता है. ऐसे में पावर कंपनी टाइम ऑफ डे (टीओडी) बिलिंग व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को दिन में बिजली इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहती है.
34 प्रतिशत खपत तक 20 पैसे, इससे ज्यादा पर 50 पैसे की छूट
प्रस्ताव के अनुसार, घरेलू उपभोक्ता अपनी कुल मासिक बिजली खपत का 34 प्रतिशत तक हिस्सा सुबह 9 से शाम 5 बजे के बीच इस्तेमाल करते हैं तो उन्हें 20 पैसे प्रति यूनिट की छूट मिलेगी. वहीं, इस निर्धारित सीमा से अधिक बिजली का इस्तेमाल करने पर अतिरिक्त खपत के लिए 50 पैसे प्रति यूनिट की छूट देने की तैयारी है.
300 यूनिट खपत पर ऐसे समझें छूट का गणित
यदि किसी घरेलू उपभोक्ता की महीनेभर की बिजली खपत 300 यूनिट है और वह इसमें से 120 यूनिट बिजली सोलर आवर्स में इस्तेमाल करता है, तो प्रस्तावित छूट इस प्रकार होगी.
कुल मासिक खपत : 300 यूनिट
सोलर आवर्स में खपत : 120 यूनिट
कुल खपत का 34 प्रतिशत : 102 यूनिट
पहली 102 यूनिट पर 20 पैसे के हिसाब से छूट : 20.40 रुपए
अतिरिक्त 18 यूनिट पर 50 पैसे के हिसाब से छूट : 9 रुपए
कुल प्रस्तावित छूट : 29.40 रुपए
स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को ही मिलेगा लाभ
इस योजना का लाभ फिलहाल उन्हीं घरेलू उपभोक्ताओं को मिल सकेगा, जिनके घरों में स्मार्ट मीटर लगे हैं. सामान्य मीटर में अलग-अलग समय में बिजली की खपत दर्ज करने की सुविधा नहीं होती, जबकि स्मार्ट मीटर हर घंटे की खपत का रिकॉर्ड रखता है. जानकारी के अनुसार, प्रदेश में करीब 80 प्रतिशत घरेलू उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं. शेष उपभोक्ताओं के यहां भी मीटर लगाने का काम जारी है.
तीन समयखंडों में होगी बिजली खपत की गणना
टीओडी बिलिंग व्यवस्था के तहत बिजली खपत को तीन समयखंडों में बांटा गया है. पहला समय सुबह 9 से शाम 5 बजे तक सोलर आवर्स का है. दूसरा समय शाम 5 से रात 11 बजे तक और तीसरा समय रात 11 से सुबह 9 बजे तक निर्धारित है. इसी समयखंड के आधार पर उपभोक्ताओं की बिजली खपत का हिसाब तैयार किया जाएगा.
नियामक आयोग से लेनी होगी मंजूरी
पावर वितरण कंपनी इस प्रस्ताव को लागू करने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग के समक्ष याचिका प्रस्तुत करने की तैयारी कर रही है. आयोग से मंजूरी मिलने के बाद ही उपभोक्ताओं को सोलर आवर्स में बिजली इस्तेमाल करने पर छूट मिल सकेगी. फिलहाल कंपनी स्तर पर इसकी कार्ययोजना तैयार की जा रही है.