जगदलपुर : जिले के और आस पास के यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है. जहां, संभावित चक्रवाती तूफान AKVAN को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है.तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए विशाखापत्तनम-किरंदुल-विशाखापत्तनम एक्सप्रेस को दो दिनों के लिए रद्द कर दिया गया है.
रेलवे ने जारी की सूचना
रेलवे द्वारा जारी सूचना के मुताबिक, ट्रेन नंबर 18515 विशाखापत्तनम-किरंदुल एक्सप्रेस और ट्रेन नंबर 18516 किरंदुल-विशाखापत्तनम एक्सप्रेस आगामी 19 और 20 नवंबर 2026 को दोनों दिशाओं में संचालित नहीं होगी. रेलवे ने यह फैसला एहतियातन लिया है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा के साथ रेल परिचालन को भी सुरक्षित रखा जा सके.रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेन की स्थिति की जांच जरूर कर लें. यात्री हेल्पलाइन नंबर 139, NTES ऐप या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट से ताजा जानकारी ले सकते हैं.
तूफान अकवान मचाएगा तबाही
अर्नब और मुरासु के बाद चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर देश में दिखेगा. यह तूफान कितना खतरनाक होने वाला है इसका अंदाजा अलग-अलग राज्य में प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों से लगाया जा सकता है. आंध्र प्रदेश के किनारे पर इसके बेहद ताकतवर रूप में पहुंचने की आशंका है. जहां हवाओं की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है और भारी बरसात जनजीवन अस्त-व्यस्त कर सकती है. खतरे को देखते हुए आंध्र में आपदा प्रबंधन की टीमें मोर्चे पर लगा दी गई हैं और ओडिशा में दो लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाने की योजना बनाई जा रही है. वहीं तमिलनाडु, तेलंगाना, पुडुचेरी समेत दक्षिण के दूसरे राज्यों में भी इसका प्रभाव नजर आने लगा है.
छत्तीसगढ़ में भी अलर्ट जारी
वहीं, चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर अब छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिलेगा.मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों में येलो अलर्ट जारी कर दिया है. खासकर बस्तर संभाग में 20 और 21 नवंबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.मौसम विभाग के अनुसार, यह चक्रवात 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है. तट से टकराने के बाद इसका असर छत्तीसगढ़ के दक्षिणी इलाकों पर पड़ेगा.