लॉगिन

छत्तीसगढ़ में बिजली बिल बकायादारों पर शिकंजा, 31 दिसंबर के बाद कटेगा कनेक्शन

Chhattisgarh November 16, 2026 रिपोर्टर: shailesh
छत्तीसगढ़ में बिजली बिल बकायादारों पर शिकंजा, 31 दिसंबर के बाद कटेगा कनेक्शन

छत्तीसगढ़ में बिजली बिल बकायादारों पर शिकंजा, 31 दिसंबर के बाद कटेगा कनेक्शन

रायपुर : छत्तीसगढ़ में बिजली विभाग ने बकायादारों को बड़ी राहत दी थी, लेकिन लोगों ने इसका फायदा नहीं उठाया. सरकार ने पुराने बिलों पर लगा भारी-भरकम सरचार्ज माफ कर दिया, मूल राशि में भी छूट दी, फिर भी करीब 7 लाख उपभोक्ताओं ने एक रुपया भी जमा नहीं किया. अब बिजली कंपनी ने सख्त रुख अपना लिया है.31 दिसंबर के बाद ऐसे सभी लोगों की बिजली काट दी जाएगी और जब तक पूरा पैसा नहीं मिलेगा, तब तक कनेक्शन दोबारा नहीं जोड़ा जाएगा.

क्या है पूरा मामला ?

मुख्यमंत्री समाधान योजना के तहत प्रदेश के लाखों लोगों को फायदा पहुंचाया गया है. आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश के 20 लाख 50 हजार उपभोक्ताओं पर कुल 2421 करोड़ रुपये का बकाया था. इसमें से 13 लाख 54 हजार लोगों को 797 करोड़ रुपये की छूट दी गई. इस छूट में 352 करोड़ रुपये मूल बकाया और 445 करोड़ रुपये सरचार्ज शामिल था.

इसके बाद भी अभी करीब 1500 करोड़ रुपये की वसूल बाकी है. इसमें घरेलू उपभोक्ता, प्राइवेट कंपनियां और सरकारी दफ्तर भी शामिल हैं. योजना में अब तक सिर्फ 125 करोड़ 67 लाख रुपये ही जमा हो पाए हैं.

अब डैडलाइन तय कर दी गई है

बिजली कंपनी का कहना है कि बार-बार अपील के बाद भी लोग आगे नहीं आ रहे हैं. कई लोगों ने तो योजना में अपना नाम ही नहीं लिखवाया. अब अंतिम तारीख 31 दिसंबर 2026 तय की गई है. इसके बाद किसी को छूट नहीं मिलेगी. बकाया राशि पर फिर से सरचार्ज लगना शुरू हो जाएगा और कनेक्शन काटने की कार्रवाई होगी.

दरअसल, प्रदेश में जल्द ही प्रीपेड बिजली व्यवस्था लागू होने वाली है. रायपुर समेत कई शहरों में स्मार्ट मीटर लगाने का काम लगभग पूरा हो चुका है. प्रीपेड सिस्टम में पहले रिचार्ज करना होगा, तभी बिजली मिलेगी. इसलिए कंपनी चाहती है कि पुराना हिसाब-किताब पहले साफ हो जाए. इसी वजह से वसूली अभियान तेज कर दिया गया है. बिजली कंपनी ने कहा है कि जिन लोगों ने अभी तक भुगतान नहीं किया है, वे 31 दिसंबर से पहले अपनी राशि जमा कर दें. नहीं तो नए साल में उन्हें बिना बिजली के रहना पड़ सकता है. कंपनी ने यह भी कहा है कि कनेक्शन कटने के बाद दोबारा जोड़ने के लिए भी अलग से शुल्क देना होगा.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds