लॉगिन

अर्नब, मुरासु के बाद अब छत्तीसगढ़ में तूफान अकवान का दिखेगा असर, 19 तारीख से हो सकती है बारिश

Chhattisgarh November 16, 2026 रिपोर्टर: shailesh
अर्नब, मुरासु के बाद अब छत्तीसगढ़ में तूफान अकवान का दिखेगा असर, 19 तारीख से हो सकती है बारिश

अर्नब, मुरासु के बाद अब छत्तीसगढ़ में तूफान अकवान का दिखेगा असर, 19 तारीख से हो सकती है बारिश

रायपुर : छत्तीसगढ़ से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है. तूफान अर्नब और मुरासु के बाद राज्य में नए तूफान की एंट्री होने वाली है. दरअसल, बंगाल की खाड़ी में 3 हफ्ते के अंदर ये तीसरा चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है. बीते दिन को वहां एक वायुमंडलीय दबाव बन गया है. अगर यह पूरी तरह से तूफान में बदल गया तो इसका नाम अकवान रखा जाएगा.

मौसम वैज्ञानिकों का क्या कहना है ?

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पिछले 13 साल में ऐसा पहली बार होगा जब 20 दिन के अंदर ही खाड़ी में तीन-तीन चक्रवात बन रहे हों. रविवार को खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है. इसे डिप्रेशन कहा जाता है. मौसम विभाग का कहना है कि यह सिस्टम सोमवार तक चक्रवात का रूप ले सकता है.

20 और 21 नवंबर को हो सकती है बारिश

17 नवंबर तक यह और ताकतवर होकर गंभीर चक्रवात बन सकता है. इसके बाद इसका असर छत्तीसगढ़ पर भी दिखेगा. अनुमान के मुताबिक 19 नवंबर से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने लगेंगे और बारिश का दौर शुरू हो जाएगा. 20 और 21 नवंबर को कुछ जगहों पर तेज बारिश भी हो सकती है. हालांकि 18 नवंबर तक मौसम साफ और सूखा बना रहेगा। यानी अभी चार दिन लोगों को बारिश से राहत मिलेगी.

2013 में भी दिखा था ऐसा ही नजारा

मौसम विभाग के मुताबिक 2013 में भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला था. उस साल 19 नवंबर को हेलेन, 23 नवंबर को लहर और 6 दिसंबर को माडी तूफान आया था. उसी साल अक्टूबर में फाइलिन तूफान ने भी तबाही मचाई थी. यानी अक्टूबर से दिसंबर के बीच कुल चार तूफान बने थे. अब 2026 में फिर वैसा ही पैटर्न बन रहा है.

इधर छत्तीसगढ़ में रविवार को मौसम पूरी तरह सूखा रहा. दुर्ग में सबसे ज्यादा गर्मी रही, वहां पारा 31.8 डिग्री तक पहुंच गया. अंबिकापुर में सबसे ज्यादा ठंड रही, वहां न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री दर्ज किया गया. रायपुर में अधिकतम 30.9 और न्यूनतम 18.2 डिग्री रहा. माना एयरपोर्ट पर न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री रहा. अगले चार दिन तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है.

उधर ओडिशा सरकार ने इस तूफान को लेकर पूरे राज्य में अलर्ट जारी कर दिया है. तटीय और दक्षिणी जिलों में बचाव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे में ही यह साफ हो पाएगा कि तूफान कहां टकराएगा. ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु को सतर्क रहने को कहा गया है. डिप्रेशन में हवा की रफ्तार 31 से 61 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहती है.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds