रायपुर : छत्तीसगढ़ में आस्था का सबसे बड़ा पर्व छठ का आज आखरी दिन रहा. आज भोर होते ही पूरा प्रदेश छठी मैया के जयकारों से गूंज उठा. व्रतियों ने नदी और तालाबों में खड़े होकर उगते हुए सूरज को अर्घ्य दिया और इसके साथ ही 36 घंटे से चला आ रहा निर्जला उपवास समाप्त हो गया.
सबसे पहले रायगढ़ में हुआ सूर्योदय
सबसे पहले रायगढ़ में सुबह 6 बजकर 2 मिनट पर सूरज की पहली किरण दिखी. वहां केलो नदी के किनारे हजारों व्रती पहले से ही पानी में खड़े थे. जैसे ही सूरज निकला, पूरा घाट “छठी मैया की जय” के नारों से गूंज उठा. महिलाओं ने बांस की टोकरी में ठेकुआ, फल और गन्ना सजाकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया.
अरपा घाट पर सबसे ज्यादा भीड़
बिलासपुर का अरपा घाट तो आज रात से ही किसी मेले जैसा लग रहा था. रात ढाई बजे से ही लोग घाट पर पहुंचने लगे थे. सुबह तक वहां पैर रखने की जगह नहीं बची. महिलाओं ने नदी में उतरकर पूजा की और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए कामना की. अंबिकापुर के शंकर घाट पर भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला. रायपुर के महादेव घाट पर तो रातभर रौनक बनी रही. पूरी रात आतिशबाजी होती रही और छठ के पारंपरिक गीत गूंजते रहे. भोर होते ही व्रतियों ने सूरज को अर्घ्य दिया. इसके बाद घाट पर हवन और छठी मैया की पूजा हुई.
भिलाई के छावनी घाट पर भी श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ा.36 घंटे तक बिना अन्न-जल के रहने के बाद जब व्रतियों ने अर्घ्य दिया, तो कई महिलाओं की आंखों में आंसू आ गए. यह व्रत संतान की लंबी उम्र, पति की सलामती और घर की खुशहाली के लिए रखा जाता है. अर्घ्य के बाद व्रतियों ने प्रसाद बांटा. लोगों ने एक-दूसरे को छठ की बधाई दी. घाटों पर सुरक्षा के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम भी तैनात रही.
सीएम साय ने भी दी बधाई
सीएम साय ने भी पर्व की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने लिखा ‘लोक-आस्था के पावन महापर्व छठ की समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएँ.श्रद्धा, भक्ति और समर्पण का यह महापर्व छत्तीसगढ़ की संस्कृति में भी विशेष स्थान रखता है. इस अवसर पर माताएँ-बहनें अपने परिवार की सुख-समृद्धि और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कठिन व्रत रखती हैं. उनकी अटूट आस्था और समर्पण इस पर्व की महत्ता को और विशेष बनाते हैं. छठी मइया और सूर्यदेव की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे तथा हर परिवार खुशहाल हो, यही मंगलकामनाा है.’