कुरुद । धमतरी जिले में साइबर थाना और बिरेझर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 146 नग बहुमूल्य हीरे जैसे पत्थरो के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी इन पत्थरों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में था। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 10 लाख 15 हजार 200 रुपये बताई गई है। आरोपी ने पूछताछ में इन पत्थरो को वर्ष 2018 में गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया है।
ग्राहक तलाशने की मिली थी सूचना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में चोरी, अवैध गतिविधियों और खनिज संपदा की अवैध खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 अक्टूबर 2026 को बिरेझर चौकी और साइबर थाना धमतरी की संयुक्त टीम अपराध पतासाजी एवं पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नेशनल हाईवे 30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से बहुमूल्य पत्थर लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है।
पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने अपना नाम विनोद अग्रवाल (64 वर्ष) निवासी केके वार्ड, भाटापारा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पॉलीथीन में रखे नीले एवं फिरोजी रंग की झिल्ली में लिपटे 146 नग सफेद, चमकदार और पारदर्शी बहुमूल्य पत्थर बरामद किए गए।
साल 2018 में चुराए थे हीरे
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने मेमोरेडम कथन मे उक्त पत्थरो को वर्ष 2018 में गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से चोरी करना और अब उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाशना स्वीकार किया। बरामद पत्थरों का कुल वजन 16.17 ग्राम और शुद्ध वजन 13:49 ग्राम पाया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 146 नग बहुमूल्य पत्थर, जिनकी अनुमानित कीमत 10 लाख 5 हजार रुपये है. एक सैमसंग गैलेक्सी एस21 एफई 5जी मोबाइल फोन जिसकी कीमत 8 हजार रुपये बताई गई है तथा 2,200 रुपये नकद जब्त किए है। इस तरह कुल 10 लाख 15 हजार 200 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।