सूरजपुर छत्तीसगढ़ में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के नाम पर लोगो से पैसे मांगने का मामला सामने आया है। मंत्री के व्हाट्सअप अकाउंट के हैक होने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, UPI ब्लॉक होने का हवाला देकर अर्जेंट पेमेंट के लिए मैसेज भेजे जा रहे है और 32 हजार रुपये की मांग की जा रही है। मामले की शिकायत साइबर सेल में दर्ज कराई गई है. जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
मंत्री के नाम पर 32 हजार रुपये मांगने का मामला
जानकारी के अनुसार, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के नाम से व्हाट्सअप पर लोगो को मैसेज भेजकर पैसो की मांग की जा रही है। इन संदेशों में UPI ब्लॉक होने का हवाला देते हुए अर्जेंट पेमेंट करने के लिए कहा जा रहा है। इसके लिए 32 हजार रुपये मांगे जाने की बात सामने आई है। मंत्री के नाम और पहचान का इस्तेमाल कर इस तरह से पैसे मांगने का मामला सामने आने के बाद लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई है।
ओएसडी ओमप्रकाश राजवाडे का अकाउंट भी हैक
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के साथ उनके ओएसडी ओम प्रकाश राजवाड़े का व्हाट्सअप अकाउंट भी हैक होने की सूचना सामने आई है। इस घटनाक्रम ने मामले को और गंभीर बना दिया है। सोशल मीडिया पर कथित संदेश और वीडियो वायरल होने के बाद संबंधित लोगों में हड़कंप मच गया। फिलहाल, दोनो अकाउंट से जुड़ी शिकायतों और सामने आए संदेशों की जांच की जा रही है।
शिकायत के बाद जांच में जुटी साइबर सेल
मामले की शिकायत साइबर सेल में दर्ज कराई गई है। पुलिस वायरल मैसेज और वीडियो समेत अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर यह स्पष्ट हो सकेगा कि संदेश कहां से भेजे गए और इसके पीछे कौन लोग शामिल है। फिलहाल, मामले में किसी की संलिप्तता को लेकर अतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस घटना के बीच लोगो को सलाह दी जाती है कि यदि किसी परिचित अधिकारी या जनप्रतिनिधि के नाम से व्हाट्सअप पर पैसों की मांग करने वाला संदेश मिले, तो बिना पुष्टि किए रकम ट्रांसफर न करे। अर्जेंट पेमेंट, UPI ब्लॉक होने या किसी अन्य परेशानी का हवाला देकर पैसे मांगने वाले संदेशों की संबंधित व्यक्ति से दूसरे माध्यम से पुष्टि करे। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने से बचे।
किसी भी QR कोड पर पैसे न भेजें मंत्री लक्ष्मी राजवाडे
व्हाट्सअप अकाउंट हैक होने की आशंका पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि उन्हें अभी जानकारी मिली है कि उनका व्हाट्सअप अकाउंट हैक हो गया है। मंत्री ने लोगों से अपील की है कि उनके नाम से भेजे जा रहे किसी भी QR कोड पर पैसे ट्रांसफर न करे और न ही ऐसे संदेशों के झांसे में आए। उन्होने बताया कि मामले की जांच के लिए साइबर सेल को सूचना दे दी गई है। साथ ही लोगों से सतर्क रहने और किसी भी तरह के संदिग्ध संदेश पर भरोसा करने से पहले उसकी पुष्टि करने की अपील की है।