रायपुर : छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों से जुड़ी बड़ी जानकारी सामने आ रही है. दरअसल, मंत्रालय और सरकारी कार्यालयों तक जाने वाली सिटी बस सेवा पर नया संकट गहरा रहा है. खबर आ रही है कि, सरकारी कार्यालयों तक जाने वाली सिटी बस सेवा बंद की जा सकती है. अगर सेवा बंद हो जाती है तो, राजधानी के सरकारी कार्यालयों में काम करने वाले कर्मचारियों को आवागमन में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ेगा.
31 अक्टूबर को खत्म होगा बॉन्ड
मिली जानकारी के मुताबिक, 31 अक्टूबर को रायपुर नगर निगम ट्रांसपोर्ट लिमिटेड और नया रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के बीच बस संचालन के लिए हुआ वैकल्पिक समझौता खत्म हो जाएगा. जिसके बाद से बस सेवा बंद हो जाएगी. वहीं, पंजीयन विभाग ने एक पत्र के जरिए कर्मचारियों को आवागमन के लिए खुद व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं.
3500 कर्मचारी करते हैं सिटी बस से सफर
बता दें कि, मंत्रालय और सरकारी कार्यालयों तक जाने वाली इस सिटी बस से रोजाना करीब 3500 कर्मचारी आना जाना करते हैं. कुल मिलाकर 66 बसों से मंत्रालय और अन्य सरकारी कार्यालयों तक आवागमन होता है. इसके बंद होने की खबर से कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है.
कर्मचारियों का क्या कहना है?
मंत्रालय और सरकारी कार्यालयों तक जाने वाली सिटी बस की सेवा बंद होने की खबर से सरकारी कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है. कर्मियों का कहना है कि, आवागमन में उन्हें काफी दिक्कत होगी. उनका यह भी कहना है कि, उनका खर्चा बढ़ेगा. और सबसे बड़ी दिक्कत समय पर कार्यालय पहुंचना भी कर्मियों को चुनौती लगेगी.