रायपुर। सीजीपीएससी भर्ती घोटाला में ईडी की चार्जशीट में उत्कर्ष चंद्राकर तथा पूर्व मुख्यमंत्री के ओएसजी चेतन बोरघरिया के बीच चैट का प्रमुख साक्ष्य के रूप में उल्लेख किया गया है। चैट में उत्कर्ष के रकम मांगने और दबाव बनाने वाले मैसेज है, तो दूसरी तरफ चेतन के मैसेज में वेट करो, तुम्हारा ही काम कर रहा हूँ, और दूसरी ओर से पांच ही हो पाएगा, जैसे जवाब दर्ज है। जांच एजेंसी ने इन संदेशों को दोनों के वित्तीय लेन-देन और बैक रिकॉर्ड के साथ जोड़कर अपनी जांच का हिस्सा बनाया है। पूर्व मुख्यमंत्री के ओएसडी ने अभ्यर्थियों से रकम लेने की बात से इनकार किया है।
ईडी द्वारा कोर्ट में पेश चार्जशीट के मुताबिक 14-15 मई 2025 से चेतन तथा उत्कर्ष ने एक-दूसरे को मैसेज किया। मैसेज में उत्कर्ष ने चेतन को लिखा- उत्कर्ष हू सर कॉल नहीं उठाओगे तो प्रॉब्लम बढ़ जाएगी। इसके बाद चेतन ने उत्कर्ष को ब्लॉक कर दिया। रिकॉर्ड के मुताबिक 11 अगस्त 2025 को उसे अनब्लॉक किया गया और दोनों के बीच फिर संपर्क शुरू हुआ। उत्कर्ष के दूसरे संदेशों में रकम को लेकर दबाव और बढ़ता दिखाई देता है। उसने लिखा है, पेन ड्राइव में है सब मेरे मीडिया में दूंगा और केस भी करूंगा। एक अन्य संदेश उसने लिखा की सबको ले के डूबूंगा।
बोरघरिया बोले उधार की रकम लौटाई
ईडी का आरोप है कि उत्कर्ष चंद्राकर, डॉ. विकास चंद्राकर और अन्य के जरिए सीजीपीएससी के अभ्यार्थियों से चयन के नाम पर करीब 3.13 करोड़ रुपए जुटाए गए। ईडी ने चेतन और उत्कर्ष के व्हाट्सएप चैट व बैक लेन-देन को भी जांच में शामिल किया है। चैट में उत्कर्ष पैसे मांगता दिखता है. जबकि चेतन वेट करो, तुम्हारा ही काम कर रहा हूं, जैसे जवाब देता है। चेतन ने ईडी को बताया कि उन्होंने उत्कर्ष से करीब 5-6 लाख रुपए उधार लिए थे और वही रकम लौटाई थी। बोरघरिया ने अभ्यर्थियों से जुड़े पैसे लेने के आरोपों से इनकार किया है। ईडी ने व्हाट्सएप चैट को आपराधिक परिवाद में शामिल किया है। साथ ही यह भी उल्लेख है कि चेतन ने अभ्यर्थियों से 30 लाख या कोई दूसरी रकम लेने से इनकार किया है।
चेतन ने लिखा-वेट करो
उत्कर्ष के मैसेज का चेतन ने जवाब देते हुए लिखा- पूछ चुका हूँ, जब आ जाएगा तो सामने वाला खुद ही कर देगा. तुम्हारा डिटेल्स फारवर्ड कर चुका हूँ। इसके बाद उन्होंने 27 अक्टूबर को तीन मैसेज लिखे, जिसमे वेट करो, कल तक आएगा और तुम्हारा ही काम कर रहा हूँ लिखा था। दूसरे दिन चेतन ने उत्कर्ष को फिर तीन मैसेज किए इसमें लिखा था- इधर पांच ही हो पाएगा उससे ज्यादा नहीं हो गया है और कल हैडओवर होगा। 29 नवंबर को एक भुगतान के स्क्रीनशॉट के साथ चेतन का मैसेज है जिसमे अभी सैलरी से किया हूँ लिखा है।