कोरबा : जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 33 वर्षीय महिला की हत्या कर शव को सेप्टिक टैंक में छिपा दिया गया। करीब एक महीने बाद दुर्गंध और परिजनों के संदेह से पूरे मामले का खुलासा हुआ।
मृतका संतोषी, अपने लिव-इन पार्टनर मनोज उरांव के साथ बरपाली में रह रही थी। बताया जा रहा है कि 27 अगस्त को दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद मनोज ने संतोषी के साथ मारपीट की। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान उसकी मौत हो गई।
आरोप है कि वारदात के बाद मनोज ने शव को घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में डालकर ढक्कन बंद कर दिया और परिजनों को गुमराह करता रहा। रक्षाबंधन पर संतोषी जब मायके नहीं पहुंची तो भाइयों को अनहोनी की आशंका हुई। तलाश करते हुए वे मनोज के घर पहुंचे, जहां सेप्टिक टैंक का ढक्कन अधखुला और तेज दुर्गंध आती मिली।
सूचना पर पहुंची श्यांग पुलिस ने कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में टैंक खुलवाया, जहां से करीब एक महीने पुराना सड़ा-गला शव बरामद हुआ। फॉरेंसिक और मेडिकल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
आरोपी मनोज उरांव 5 सितंबर से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।