भाटापारा/ सिंगारपुर : भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगारपुर की इंद्रा कॉलोनी में बीती रात 52 वर्षीय व्यक्ति की सिर पर पत्थर मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान राजाराम साहू के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि राजाराम साहू सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने गया हुआ था। इसके बाद उसकी हत्या की घटना सामने आई। हालांकि हत्या किन परिस्थितियों में हुई, किसने वारदात को अंजाम दिया और हत्या का वास्तविक कारण क्या है, इसका फिलहाल आधिकारिक खुलासा नहीं हो पाया है।
सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर
सिंगारपुर सरपंच कनक मनहरे की सूचना पर पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद एसडीओपी भाटापारा तारेश साहू के नेतृत्व में भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस, पुलिस सहायता केंद्र निपनिया की टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल और साइबर सेल बलौदाबाजार की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास गहन छानबीन शुरू कर दी है। मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और घटना से जुड़े संभावित सुरागों की जांच की जा रही है।
हत्या की वजह बनी पहेली
राजाराम साहू की हत्या आखिर किस वजह से की गई, यह फिलहाल पुलिस जांच का विषय है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही मृतक की गतिविधियों और घटना से पहले वह किन लोगों के संपर्क में था, इसकी भी जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल पुलिस ने हत्या के कारण और वारदात में शामिल व्यक्ति या व्यक्तियों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं रखी है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।