लॉगिन

पूर्व महापौर और ढेबर परिवार के सदस्य को मिली लॉरेंस गैंग के नाम पर धमकी, मांगे 50 करोड़

Chhattisgarh September 21, 2026 रिपोर्टर: shailesh
पूर्व महापौर और ढेबर परिवार के सदस्य को मिली लॉरेंस गैंग के नाम पर धमकी, मांगे 50 करोड़

पूर्व महापौर और ढेबर परिवार के सदस्य को मिली लॉरेंस गैंग के नाम पर धमकी, मांगे 50 करोड़

रायपुर. पूर्व महापौर और आबकारी घोटाले से जुड़े ढेबर परिवार के दो सदस्यों को इंटरनेशनल कॉल के जरिए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है. कॉल करने वाले ने परिवार से 50 करोड़ रुपए की मांग की. मामले में कोतवाली पुलिस ने करीब सप्ताहभर पहले अज्ञात कॉलर के खिलाफ धमकी और ब्लैकमेलिंग के आरोप में एफआईआर दर्ज की है. पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कॉल करने वाले की पहचान और उसके मकसद का पता लगाने में जुटी है.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक धमकी देने वाले ने रायपुर नगर निगम के पूर्व महापौर एजाज ढेबर और उनके भाई अनवर ढेबर का नाम लेते हुए धमकी दी. अनवर ढेबर आबकारी समेत अन्य मामलों में जेल में रह चुके हैं और फिलहाल जमानत पर बाहर हैं. पुलिस अधिकारियों ने धमकी दिए जाने की पुष्टि की है, लेकिन मामले को संवेदनशील बताते हुए इससे जुड़ी अन्य जानकारी साझा करने से इनकार किया है.

बिश्नोई गैंग से कनेक्शन नहीं मिला

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में ढेबर परिवार को मिली धमकी के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का प्रत्यक्ष संबंध सामने नहीं आया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने धमकी देने के लिए गैंगस्टर के नाम का इस्तेमाल किया हो सकता है. हालांकि धमकी किसने दी, उसका उद्देश्य क्या था और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है.

पुलिस कॉल से जुड़े तकनीकी साक्ष्य जुटाने के साथ अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है. आरोपी तक पहुंचने के लिए संभावित ठिकानों और संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है. एहतियात के तौर पर कुछ क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है.

लॉरेंस का नाम पहले भी धमकियों में आया

पंजाब निवासी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम पूर्व में भी कई चर्चित धमकी मामलों में सामने आ चुका है. फिल्म अभिनेता सलमान खान को भी इस गैंग के नाम पर धमकियां मिलने के मामले सामने आए हैं. हालांकि रायपुर के ढेबर परिवार को मिली धमकी के मामले में पुलिस ने बिश्नोई गैंग से किसी तरह का संबंध होने से इनकार किया है.

अमन साव कनेक्शन की भी जांच

पुलिस सूत्रों के मुताबिक झारखंड का गैंगस्टर अमन साव और उसके कथित शूटर समेत कुछ अन्य आरोपी वर्ष 2024-25 के दौरान रायपुर जेल में बंद रहे थे. जांच एजेंसियां इस पहलू समेत धमकी के पीछे संभावित आपराधिक नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही हैं. फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी की पहचान होने के बाद ही धमकी के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds