लॉगिन

Pakistan: पाकिस्तान में बड़ा हादसा, तीन बच्चों समेत सात लोगों की ट्रेन में जलकर दर्दनाक मौत

World April 27, 2023 रिपोर्टर: shailesh
Pakistan: पाकिस्तान में बड़ा हादसा, तीन बच्चों समेत सात लोगों की ट्रेन में जलकर दर्दनाक मौत

Pakistan: पाकिस्तान में बड़ा हादसा, तीन बच्चों समेत सात लोगों की ट्रेन में जलकर दर्दनाक मौत

इस्लामाबाद : पाकिस्तान में एक बड़ा हादसा सामने आया है। दरअसल पाकिस्तान की एक ट्रेन की बोगी में आग लग गई, जिसमें जलकर सात लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। घटना सिंध प्रांत की है। ट्रेन में आग लगने की वजह अभी तक पता नहीं चल सकी है।

हादसे की जांच की जा रही है। खबर के अनुसार, घटना बुधवार रात की है, जब कराची से लाहौर जा रही कराची एक्सप्रेस ट्रेन के एक बिजनेस क्लास कोच में आग लग गई।

उच्च स्तरीय जांच के आदेश

पाकिस्तान रेलवे के प्रवक्ता मकसूद कुंडी ने बताया कि वह अभी भी इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि बोगी में आग कैसे लगी। आग लगने के बाद बोगी को ट्रेन से अलग कर दिया गया। कुंडी ने बताया कि मरने वालों का आंकड़ा सात तक पहुंच गया है, जिनमें तीन बच्चे और एक महिला भी शामिल है।

रेल मंत्रालय ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। रेलवे प्रवक्ता ने बताया कि जैसे ही बोगी में आग लगी तो ट्रेन को टांडो मस्ती खान स्टेशन पर रोक दिया गया। इसके बाद सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पाकिस्तान में ट्रेन हादसों का लंबा इतिहास

पाकिस्तान में ट्रेन हादसों का लंबा इतिहास रहा है। इसकी वजह है कि पाकिस्तान में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर पुराना है और ट्रैक सिस्टम भी अपग्रेड नहीं है। जिसकी वजह से वहां आए दिन हादसे होते रहते हैं।

साथ ही पाकिस्तान में गरीब लोग ट्रेन में सफर के दौरान खाना बनाने के लिए अपने साथ गैस स्टोव भी लेकर चलते हैं। इसकी वजह से भी पाकिस्तान में हादसे होते हैं। 2019 में भी ट्रेन में एक गैस स्टोव में विस्फोट के बाद आग लग गई थी, जिसमें 74 लोगों की मौत हो गई थी।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds