रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी बदले जाने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस के अंदरूनी समीकरण और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह अंदरूनी मामला है, लेकिन पार्टी द्वारा लिया गया फैसला सार्वजनिक है।
अजय चंद्राकर ने भूपेश बघेल पर तंज कसते हुए कहा कि वे राष्ट्रीय राजनीति में जहां भी गए है, वहाँ विवाद और असफलता ही देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस के भीतर इतनी गड़बड़ी और कलह नहीं थी, लेकिन भूपेश बघेल के जाने के बाद वहां सिर्फ कलह देखने को मिली। उनके मुताबिक, भूपेश बघेल अब तक कहीं भी अपनी योग्यता साबित नहीं कर पाए है।
नए प्रदेश प्रभारी को लेकर भी साधा निशाना
कांग्रेस द्वारा आदिवासी चेहरे को प्रदेश प्रभारी बनाए जाने के सवाल पर भी अजय चंद्राकर ने तंज कसा। उन्होंने झारखंड की राजनीति का जिक्र करते हुए कहा कि वहां कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा की सी टीम है। उन्होंने सवाल उठाया कि झारखंड की राजनीति में कांग्रेस किस नंबर पर है और वहां उसकी राजनीतिक स्थिति क्या है। अजय चंद्राकर ने कहा कि झारखंड में कांग्रेस की स्थिति खराब है और ऐसे में पार्टी के नए प्रभारी छत्तीसगढ़ को ठीक करने आ रहे है। उन्होंने सरगुजा को लेकर कहा कि वहाँ टीएस सिहदेव ही काफी है।
नक्सलियों के समर्थन में वीडियो पर भी बोले अजय चंद्राकर
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यूट्यूब पर नक्सलियों के समर्थन में वीडियो पोस्ट किए जाने और मारे गए नक्सली के महिमामंडन के आरोपों पर भी अजय चंद्राकर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होने कहा कि देश में नॉर्थ ईस्ट, नक्सलवाद और अलगाववाद से जुड़े कई तत्व सक्रिय है। उन्होने कहा कि जब इन राष्ट्रविरोधी तत्वो के खिलाफ बात की जाती है तो कुछ लोग राष्ट्रहित की बात भूलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोध में उतर आते है। उन्होंने कहा कि ऐसी चीजों को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
कांग्रेस में नए समीकरण पर कसा तंज
कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव के साथ चरणदास महंत और टीएस सिंहदेव की मौजूदगी को लेकर भी अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि सभी लोग भूपेश बघेल के खिलाफ जोर लगा रहे है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में गुटबाजी और कलह अब सतह पर दिखाई देने लगी है। अजय चंद्राकर के मुताबिक, कांग्रेस के नेताओं को प्रदेश के बारे में सोचने की बजाय आपसी गुटबाजी और कलह से बाहर निकलने की चिता ज्यादा है।
NSUI अध्यक्ष नीरज पांडेय पर लगे आरोपों पर भी प्रतिक्रिया
NSUI अध्यक्ष नीरज पांडेय पर लगाए गए ठगी के आरोपों को लेकर भी अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि छात्र संगठन NSUI के नाम पर कई घटनाएं पहले भी सामने आती रही है। और आपराधिक मामलों में NSUI का नाम आता रहा है। उन्होंने कहा कि यदि इन मामलो में कार्रवाई होती है तो कांग्रेस की ओर से यह आरोप लगाया जा सकता है कि चुन-चुनकर कार्रवाई की जा रही है। अजय चंद्राकर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपराधियों को इकट्ठा करके बाद में कार्रवाई के लिए सरकार पर आरोप लगाती है।