लॉगिन

शक्कर मे भारी मुनाफाखोरी : थोक मे दाम सिर्फ 46 रुपए, फिर भी वसूल रहे 60 से 65 रुपए किलो

Chhattisgarh September 6, 2026 रिपोर्टर: shailesh
शक्कर मे भारी मुनाफाखोरी : थोक मे दाम सिर्फ 46 रुपए, फिर भी वसूल रहे 60 से 65 रुपए किलो

शक्कर मे भारी मुनाफाखोरी : थोक मे दाम सिर्फ 46 रुपए, फिर भी वसूल रहे 60 से 65 रुपए किलो

रायपुर। शक्कर को लेकर मचे हाहाकार के बाद केंद्र सरकार की कड़ाई और आयात का फैसला करने के बाद अब राजधानी रायपुर के डूमरतराई थोक बाजार में तो शक्कर के दाम 65 से कम होकर 46 रुपए तक पहुंच गए हैं, लेकिन चिल्हर में अभी कोई राहत नहीं है। चिल्हर में अब भी ज्यादातर दुकानों में दाम 60 से 65 रुपए किलो हैं । चिल्हर कारोबारियों का कहना है, ज्यादा कीमत में पहले की खरीदी के कारण कम दाम में बेचना संभव नहीं है।

पुराना स्टॉक समाप्त होने के बाद ही नया स्टाक आने पर दाम में कमी होगी। जानकारों का कहना है कि चिल्हर कारोबारी मुनाफाखोरी कर रहे हैं और इन पर कोई कार्रवाई भी नहीं हो रही है। हमेशा 40 रुपए से कम रहने वाली शक्कर के दाम ने इस माह ऐसा भाव खाया कि इसके दाम 70 रुपए तक पहुंच गए। शक्कर के दाम बीते माह जुलाई से बढ़ने प्रारंभ हुए हैं।

जून से अगस्त तक चिल्हर भाव 40 से बढ़कर 70 पहुंचे

जून के अंत में शक्कर के दाम थोक में 38 रुपए थे और चिल्हर में 40 रुपए किलो थे। जुलाई के प्रारंभ में शक्कर के दाम थोक में 39 रुपए से 42 रुपए और चिल्हर में 45 रुपए किलो हुए। इसके बाद इसके दाम में तेजी से इजाफा तक हुआ, जब केंद्र सरकार ने एक अगस्त से स्टॉक की सीमा तय की। अगस्त के प्रारंभ में शक्कर के दाम थोक में 48 रुपए और चिल्हर में 50 रुपए थे। लेकिन इसके बाद अगस्त में ही शक्कर के दाम 17 रुपए तक बढ़े और इसके दाम थोक में 65 और चिल्हर में 70 रुपए हो गए।

कम होने लगे दाम

शक्कर के दाम के कारण जब देश भर में हाहाकार मचा तो केंद्र सरकार ने इसको संज्ञान में लेकर शक्कर के कच्चे माल का आयात करने का ऐलान किया। इसके बाद शक्कर की सप्लाई भी अब सामान्य होने लगी है और दाम भी कम होने लगे हैं। अब दाम कम होते-होते थोक में तो इसके दाम 46 रुपए पर आ गए हैं।

चिल्हर में अभी राहत नहीं

थोक में तो दाम कम हो गए हैं, लेकिन चिल्हर में अभी राहत नहीं है। चिल्हर कारोबारियों का कहना है कि उनकी खरीदी ही 55 से 60 रुपए की है तो कम दाम में कैसे बेचे । कारोबारियों के मुताबिक जिनकी खरीदी 55 रुपए की वो तो 60 रुपए में बेच रहे हैं, लेकिन जिनकी खरीदी 60 रुपए की है वो 65 रुपए में बेच रहे हैं। इधर जानकारों का कहना है कि थोक की ज्यादा कीमत वाला स्टॉक बहुत कम कारोबारियों के पास है। चिल्हर कारोबारी मुनाफाखोरी कर रहे हैं और कम दाम में शक्कर लाकर ज्यादा दाम में बेच रहे हैं ऑनलाइन में भी 59 से 60 रुपए में ही शक्कर मिल रही है।

एक सप्ताह से दाम कम

थोक बाजार डूमरतराई के अध्यक्ष प्रेम पाहूजा ने बताया कि, शक्कर की आवक अब भरपूर होने लगी है, इसी के साथ दाम भी अब लगातार कम हो रहे हैं। एक सप्ताह से शक्कर के दाम थोक में 46 रुपए हो गए हैं।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds