लॉगिन

नौकरी छोड़ चोर बना शख्स! कर्ज उतारने के लिए करने लगा चोरी, पुलिस ने 32 लाख का सामान बरामद किया

Chhattisgarh July 12, 2026 रिपोर्टर: shailesh
नौकरी छोड़ चोर बना शख्स! कर्ज उतारने के लिए करने लगा चोरी, पुलिस ने 32 लाख का सामान बरामद किया

नौकरी छोड़ चोर बना शख्स! कर्ज उतारने के लिए करने लगा चोरी, पुलिस ने 32 लाख का सामान बरामद किया

दुर्ग : दुर्ग पुलिस ने सूने मकानों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. थाना मोहन नगर और पद्मनाभपुर क्षेत्र में हुई कई चोरियों के मामले में पुलिस ने अनुराग मिश्रा निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, जामुल और तुषार मिश्रा निवासी कैलाश नगर को पकड़ा है. आरोपियों के कब्जे से 168 ग्राम सोने के आभूषण, 150 ग्राम चांदी के जेवर, दो एलईडी टीवी, एक डीवीआर, चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार, दो चारपहिया और एक दोपहिया वाहन सहित करीब 32 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया.

आरोपियों ने कबूला जुर्म

दरअसल, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने विशेष अभियान चलाया. रात्रिकालीन पेट्रोलिंग, सघन नाकेबंदी, सीसीटीवी फुटेज की जांच, संदिग्धों की निगरानी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया. शुक्रवार रात पेट्रोलिंग के दौरान एक संदिग्ध सफेद इंडिगो कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें चोरी का सामान और औजार मिले. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कई वारदातें कबूल कर लीं.

नौकरी छोड़ चोर बना आरोपी

वहीं, दुर्ग सीएसपी हर्षित मेहर ने बताया कि मुख्य आरोपी अनुराग मिश्रा वर्ष 2011 से एमआर के रूप में कार्य कर रहा था और प्रतिमाह 60 से 70 हजार रुपये कमाता था. ऑनलाइन लोन ऐप्स से लिए गए कर्ज और बढ़ते ब्याज के कारण वह आर्थिक संकट में फंस गया. जिसके बाद उसने चोरी करना शुरू कर दिया.

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी के सोने के आभूषणों को मुथूट फाइनेंस, आईआईएफएल फाइनेंस और बजाज गोल्ड फाइनेंस की शाखाओं में गिरवी रखकर ऋण लेता था, ताकि चोरी का संदेह न हो. वैधानिक प्रक्रिया के तहत इन फाइनेंस कंपनियों से गिरवी रखे गए आभूषण भी बरामद कर लिए गए हैं. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds