जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा में संपत्ति को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जहां एक भाई ने अपने ही भाई और भाभी पर डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में महिला की मौत हो गई, जबकि उसके भाई को बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। घटना पामगढ़ थाना क्षेत्र के कोसला गांव की है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 8 बजे संपत्ति विवाद को लेकर जनक राम साहू का अपने भाई पुनी राम साहू और उसकी पत्नी से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर जनक राम साहू ने दोनों पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में पुनी राम साहू और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद ग्रामीणों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल पुनी राम साहू को बेहतर उपचार के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर पामगढ़ पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों से मामले की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जनक राम साहू को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना के कारणों और पूरे विवाद को लेकर आगे की जांच कर रही है।