‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ के बेटे की तारीफ, पीएम मोदी ने जशपुर के अनिमेष कुजूर से की बात

रायपुर : आज पीएम नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के युवा धावक अनिमेष कुजूर की उपलब्धि का जिक्र करते हुए उनकी सराहना की. इस दौरान पीएम मोदी ने अनिमेष से बातचीत भी की और उनकी मेहनत व सफलता की तारीफ की.
अनिमेष कुजूर ने बढ़ाया देश का मान
जशपुर जिले के रहने वाले अनिमेष कुजूर ने हाल ही में 100 मीटर दौड़ में नया रिकॉर्ड बनाकर देशभर में पहचान हासिल की है. उनकी इस उपलब्धि ने न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है. अनिमेष ने अपनी शुरुआती शिक्षा अंबिकापुर के सैनिक स्कूल से प्राप्त की है.
PM मोदी ने ‘मन की बात’ में अनिमेष से की बात
‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के युवा खेलों में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं और अनिमेष कुजूर इसका शानदार उदाहरण हैं. पीएम ने उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन की तारीफ करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय मंच पर सराहना मिलने से अनिमेष और उनके परिवार में खुशी का माहौल है. वहीं, जशपुर और अंबिकापुर के लोगों में भी गर्व की भावना देखने को मिल रही है.
सैनिक स्कूल की अनुशासनशाला में हुई परवरिश,,
अनिमेष सैनिक स्कूल में पढ़ाई की, जहां उन्हें अनुशासन की गहरी सीख मिली. उनके पिता डीएसपी अमृत कुजूर ने बताया कि, “हम दोनों पति-पत्नी पुलिस विभाग में हैं. घर में हमेशा समय पर उठने, खाने, पढ़ने और सोने का अनुशासन रहा. इसी माहौल में अनिमेष और उसका छोटा भाई अनिकेत भी पले-बढ़े. दोनों बच्चे शुरू से ही बेहद अनुशासित हैं”
संस्कार, अनुशासन और परिवार का साथ बना सफलता की नींव
डीएसपी अमृत कुजूर ने कहा, “बच्चों को बचपन से जो संस्कार और अनुशासन दिया जाता है, वही उनके व्यक्तित्व और भविष्य को गढ़ता है. अनिमेष की सफलता इसी का परिणाम है”