‘टीएस सिंहदेव साहेब बड़े नेता हैं उन्‍हें तो…’, दीपक बैज के बयान के बाद पार्टी में सियासी घमासान

रायपुर : छत्तीसगढ़ कांग्रेस में इन दिनों अंदरूनी बयानबाजी तेज हो गई है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के बीच दिए गए बयानों ने सियासी माहौल गर्म कर दिया है. हाल ही में टीएस सिंहदेव ने एक इंटरव्यू में कहा था कि अगर पार्टी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देती है तो वे इसे निभाने के लिए तैयार हैं. इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपक बैज ने कहा कि सिंहदेव बड़े नेता हैं और उन्हें दिल्ली जाकर राष्ट्रीय स्तर पर काम करना चाहिए. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में युवाओं को आगे आने का मौका मिलना चाहिए.

बैज बोले- राष्ट्रीय राजनीति में निभाएं भूमिका

दीपक बैज ने कहा कि टीएस सिंहदेव कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य रह चुके हैं और तमिलनाडु व पुडुचेरी जैसे राज्यों के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं. ऐसे में पार्टी को उनके अनुभव का उपयोग राष्ट्रीय स्तर पर करना चाहिए. बैज ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सभी नेताओं को साथ लेकर काम कर रही है और संगठन को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उनके इस बयान को कांग्रेस संगठन में चल रही अंदरूनी चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है.

सिंहदेव ने किया पलटवार

दीपक बैज के बयान पर टीएस सिंहदेव ने भी जवाब दिया. उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आया कि यह बात किस सोच के साथ कही गई. सिंहदेव ने कहा कि वे आज भी खुद को पूरी तरह सक्रिय और ऊर्जा से भरपूर महसूस करते हैं. उन्होंने साफ कहा कि वे छत्तीसगढ़ में रहकर जनता और संगठन के बीच काम करना चाहते हैं. सिंहदेव ने कहा कि पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे निभाने के लिए वे तैयार हैं.

चुनाव हार का भी किया जिक्र

टीएस सिंहदेव ने कहा कि राजनीति में जीत और हार दोनों होती हैं. उन्होंने कहा कि वे खुद चुनाव हार चुके हैं और दीपक बैज भी हार का सामना कर चुके हैं. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस अपने कई क्षेत्रों में सीटें नहीं बचा सकी और प्रदेश में दोबारा सरकार भी नहीं बना पाई. सिंहदेव ने कहा कि हर कांग्रेसी की पहली जिम्मेदारी संगठन और कार्यकर्ताओं को मजबूत करना होनी चाहिए.

बीजेपी ने भी साधा निशाना

इस पूरे विवाद पर भाजपा ने भी कांग्रेस को घेरा है. कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने कहा कि कांग्रेस में अंदरूनी लड़ाई लगातार बढ़ रही है. उन्होंने दावा किया कि पार्टी के कुछ नेता टीएस सिंहदेव को आगे बढ़ते नहीं देखना चाहते. नेताम ने कहा कि कांग्रेस ने केवल सिंहदेव का इस्तेमाल किया और बाद में उन्हें किनारे कर दिया. उन्होंने सिंहदेव को सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा कि पार्टी के भीतर ही उनके विरोधी मौजूद हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds