बालोद में बड़ा हादसा, सीवरेज लाइन की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से 3 मजदूरों की मौत

बालोद : जिले में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया. दल्लीराजहरा क्षेत्र में सीवरेज पाइपलाइन बिछाने के लिए चल रही खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई, जिससे वहां काम कर रहे तीन मजदूर गहरे गड्ढे में दब गए. हादसे में दो पुरुष और एक महिला मजदूर की मौत हो गई.

दल्लीराजहरा में हुआ हादसा

घटना दास पान ठेला चौक के पास हुई, जहां भिलाई स्टील प्लांट (BSP) की सीवरेज लाइन विस्तार परियोजना के तहत काम चल रहा था. मृतकों की पहचान किशुन कुमार, राकेश कुमार और बैशाखिन के रूप में की गई है.

10 फीट गहरे गड्ढे में दबे मजदूर

बताया जा रहा है कि मजदूर करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में उतरकर पाइपलाइन डालने का काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक मिट्टी भरभराकर नीचे आ गिरी और तीनों मजदूर उसकी चपेट में आ गए. मिट्टी तेजी से धंसने के कारण उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका.

घटना के बाद मचा हड़कंप

हादसे की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव की कोशिशें शुरू की गईं. बाद में पुलिस, प्रशासन और बीएसपी के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे. काफी मशक्कत के बाद मजदूरों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि मजदूरों को बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के गहरे गड्ढे में उतारा गया था. मौके पर न तो सुरक्षा बैरिकेडिंग थी और न ही मिट्टी धंसने से बचाव के जरूरी उपाय किए गए थे. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्रशासन हादसे की वजहों और निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही की जांच कर रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds