छत्तीसगढ़ में मौसम ने ली करवट, प्रदेश में तेज आंधी के साथ जमकर बारिश, जानें आज कैसा रहेगा मौसम

रायपुर : मंगलवार को शाम होते ही पूरे छत्तीसगढ़ में एक साथ मौसम ने करवट बदली. पेंड्रा रोड से शुरू हुई बारिश जल्द ही प्रदेशभर में तेजी पकड़ने लगी. बिलासपुर-रायपुर से होते हुए धमतरी कांकेर में भी तेज बारिश हुई. केर के पास आधी-तूफान इतनी तेजी से आई कि, एनएच 30 पर कहर बरपा गई.
अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा बदलाव
मौसम विभाग का कहना है कि 6 मई से अगले 2 से 3 दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही रुख बना रहेगा. कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है और तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
यह स्थिति अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग समय पर देखने को मिल सकती है, जिससे पूरे प्रदेश में मौसम अस्थिर बना रहेगा. लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम के इस बदलते स्वरूप को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतें.
गिरावट के बाद फिर बढ़ेगा तापमान
मौसम में आए बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है. इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी, हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि यह राहत ज्यादा समय तक नहीं रहेगी और अगले कुछ दिनों के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू हो सकती है. इस वजह से लोगों को एक बार फिर गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.