चाकूबाज गिरफ्तार : शहर मे सरेराह युवक को चाकुओ से गोदकर ले ली जान, 4 आरोपी गिरफ्तार

भाटापारा । शहर में बढ़ते अपराध के बीच एक और सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई है। आपसी विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि चार युवकों ने मिलकर एक युवक को चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। यह वारदात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भाटापारा के ठीक सामने हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी करण राठौर उर्फ बिट्टू राठौर ने थाना भाटापारा शहर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 05 मार्च 2026 की रात वह मृतक गणेश झंझोटे सहित अन्य लोगों के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भाटापारा में भर्ती रोहित चौहान को देखने गया था। इसी दौरान रात लगभग 10:45 बजे अस्पताल के सामने पहले से घात लगाए बैठे मनोज ध्रुव और उसके तीन साथियों ने उनका रास्ता रोक लिया। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोपियों ने अपने पास रखे चाकू से गणेश झंझोटे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में गणेश गंभीर रूप से घायल हो गया।

इन धाराओं के तहत केस दर्ज

आरोपियों ने प्रार्थी और उसके साथ आए अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की। घायल गणेश को तुरंत इलाज के लिए पहले आडिल अस्पताल और फिर जीवन मल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना भाटापारा शहर पुलिस ने अपराध क्रमांक 93/ 2026 के तहत धारा 126 (2) 103 (1) 109 (1) 3 (5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

एसपी ने दी मामले की जानकारी

पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गवाहों के बयान और सुराग के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी। कड़ी तलाश के बाद पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते एक राय होकर चाकू से हमला कर गणेश झंझोटे की हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

समीर उर्फ बाबू चौहान निवासी शक्ति वार्ड भाटापारा

मनोज ध्रुव उर्फ टुरू- निवासी शक्ति वार्ड भाटापारा

चंदन गुजरतिया- निवासी शक्ति वार्ड भाटापारा

देवेंद्र साहू उर्फ छोटा निवासी शक्ति वार्ड भाटापारा

सवालों के घेरे में कानून व्यवस्था

इस घटना ने एक बार फिर शहर में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान के सामने हुई इस हत्या से लोगों में डर और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds