लॉगिन

नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ब्राउन शुगर के साथ भाजपा पार्षद समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

Chhattisgarh March 2, 2026 रिपोर्टर: shailesh
नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ब्राउन शुगर के साथ भाजपा पार्षद समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ब्राउन शुगर के साथ भाजपा पार्षद समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली। भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” अभियान के तहत मुंगेली पुलिस ने सूखे नशे के कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी भाजपा पार्षद हैं, जिसका नाम लोकेश उर्फ लक्की कश्यप बताया जा रहा है। बता दें कि लोकेश नगर पंचायत जरहागांव का पार्षद है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जिले में संचालित विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ के अंतर्गत थाना जरहागांव क्षेत्र में यह प्रभावी कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में 01 मार्च को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जरहागांव के कुछ युवक शमशान घाट के पास अवैध ब्राउन शुगर बिक्री के लिए एकत्रित हो रहे हैं। सूचना मिलते ही साइबर सेल और थाना जरहागांव की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई।

मौके से क्या-क्या मिला?

पुलिस ने पांचों संदिग्धों की मौके पर विधिवत तलाशी ली, जिसमें उनके कब्जे से अलग-अलग पारदर्शी जिपर पॉलिथीन में रखी 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2,65,000 बताई गई है। 06 नग मोबाइल फोन (कीमत लगभग 50,000), होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 P 1199 (कीमत लगभग ₹65,000),1 इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन (कीमत लगभग ₹1,000)जब्त की गई। कुल जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 3,81,000 आंकी गई है।

पुलिस का कहना हैँ कि पूछताछ में मुख्य आरोपी समीर कश्यप ने स्वीकार किया कि वह उत्तरप्रदेश के नैनी प्रयागराज से नगद एवं ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से ब्राउन शुगर खरीदकर लाता था और अपने साथियों के साथ मिलकर स्थानीय स्तर पर बिक्री करता था। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।

थाना जरहागांव में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 32/2026, धारा 21 (ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तार सभी पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds