सीजीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा आज, एग्जाम सेंटर पहुंचने से पहले छात्र इन बातों का रखें ध्यान

रायपुर : छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा आज निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. राज्य के 33 जिलों में बनाए गए सेंटर्स में 265 पदों के लिए भर्ती परीक्षा होगी. इस बार आयोग ने अभ्यर्थियों के लिए सख्त निर्देश दिए हैं. परीक्षार्थियों को ड्रेस कोड का पालन करने के लिए कहा गया है.
दो पालियां में होगी परीक्षा
सीजीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी. पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी, जिसमें पेपर-1 यानी सामान्य अध्ययन का पेपर होगा. दूसरी पाली में परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी. जिसमें पेपर-2 यानी एप्टीट्यूड का पेपर होगा.
परीक्षार्थियों को कितने बजे तक सेंटर पहुंचना होगा?
परीक्षार्थियों को पहली पाली के एग्जाम में शामिल होने के लिए सुबह 8 बजे तक परीक्षा केंद्रों में पहुंचना होगा. सुबह 9.45 बजे केंद्रों के गेट बंद कर दिए जाएंगे. इसके बाद उम्मीदवारों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. सुबह 10 बजे पेपर-1 की परीक्षा होगी. वहीं, दूसरी पाली के लिए अभ्यर्थियों को दोपहर 1 बजे परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना होगा. दोपहर 2.45 पर गेट बंद कर दिए जाएंगे और इसके बाद छात्रों को एंट्री नहीं मिलेगी. इसके बाद दोपहर 3 बजे दूसरी पाली का एग्जाम शुरू होगा.
किन पदों पर हो रही भर्ती?
प्रारंभिक परीक्षा 265 पदों पर हो रही है. इनमें 51 पद नायब तहसीलदार के हैं जो सर्वाधिक है. इसके अलावा 29 पद मुख्य नगर पालिका अधिकारी, 28 पद राज्य पुलिस सेवा (उप पुलिस अधीक्षक) के हैं. इनके अतिरिक्त अधीनस्थ लेखा अधिकारी, उप जिला अधिकारी, राज्य कर निरीक्षक, उप पंजीयक, आबकारी उप निरीक्षक और राज्य कर सहायक आयुक्त के पदों पर परीक्षा हो रही है.
छात्रों को किन बातों का ध्यान रखना होगा?
परीक्षार्थियों को सेंटर में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड के साथ पहचान पत्र जैसे- आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, पासपोर्ट आदि लाना अनिवार्य होगा.
अभ्यर्थी केवल हल्के रंग के कपड़ों में ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश कर सकते हैं. कपड़े हाफ बांह के होने चाहिए.
डार्क कलर जैसे- काला, गहरा नीला, ग्रीन, जामुनी, मरून, बैंगनी और चॉकलेटी कलर के कपड़े बैन रहेंगे.
जूते, हाई हील जैसे फुटवियर पर प्रतिबंध रहेगा, चप्पल पहनकर एग्जाम सेंटर जा सकते हैं.
महिलाओं के आभूषण जैसे मंगलसूत्र और नोज पिन की अनुमति होगी.
किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे- स्मार्ट वॉच, स्मार्ट मोबाइल, कैलकुलेटर, पेजर आदि प्रतिबंधित हैं.