मानसिक रूप से कमजोर गूंगी-बहरी युवती के साथ दुष्कर्म, जशपुर में आरोपी गिरफ्तार

जशपुर : जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में गूंगी-बहरी और मानसिक रूप से कमजोर युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पुलिस (Police) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचना मिलने के कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, घटना 2 जनवरी को हुई. पीड़िता की 24 वर्षीय बहन ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई. शिकायत में बताया गया कि उसकी बड़ी बहन (26 वर्ष) गूंगी-बहरी और मानसिक रूप से कमजोर है.

जंगल गए थे परिजन

घटना के समय परिजन लकड़ी लेने जंगल गए थे और युवती घर पर अकेली थी. शाम को परिजन लौटे तो युवती घर पर नहीं मिली. तलाश के दौरान घर के पास स्थित गौशाला में गांव के ही माइकल टोप्पो (36 वर्ष) को युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा गया. युवती के कपड़े अस्त-व्यस्त थे. विरोध करने पर आरोपी मौके से फरार हो गया.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की. एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया. विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने और पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उसे उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.

एएसपी राकेश कुमार पाटनवार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds