रायपुर. राजधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक के पास कपड़ा कारोबारी की एक्टिवा से 53 लाख रुपए से भरा बैग चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले करीब एक सप्ताह तक कारोबारी की रेकी की थी. चोरी की रकम को घर में गीजर के अंदर, टीवी के पीछे और बच्चों के खिलौनों में छिपाकर रखा गया था. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 53 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं. इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं. आरोपियों के तीन बैंक खाते भी फ्रीज कराए गए हैं. जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 54 लाख रुपए बताई गई है.
पुलिस के अनुसार, शैलेन्द्र नगर निवासी किशोर बलवानी की पंडरी कपड़ा मार्केट में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है. 9 अक्टूबर को सुबह करीब 11:40 बजे वह अपने घर से दुकान जाने के लिए निकले थे. उन्होंने नकदी से भरा सफेद कपड़े का बैग अपनी एक्टिवा के सामने पायदान पर रखा था. करीब पांच मिनट बाद कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक के पास अप्पू पान ठेले के सामने उन्होंने वाहन खड़ा किया और पान खाने चले गए. वापस लौटने पर एक्टिवा से नकदी से भरा बैग गायब मिला. इसके बाद उन्होंने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की.
हजारों कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई. टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. जांच के दौरान बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए, जो वारदात के बाद फरार हो गए थे.
पुलिस ने आरोपियों के संभावित भागने के रास्तों पर लगे हजारों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का क्रमवार विश्लेषण किया. जांच में पता चला कि संदिग्ध अपनी पहचान छिपाने के लिए बार-बार कपड़े बदल रहे थे और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे. तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस ने दोनों की पहचान मनीष यदु और कमलेश कुशवाहा के रूप में की. इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया.
एक हफ्ते तक कारोबारी पर रखी नजर
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि वे पिछले एक सप्ताह से कारोबारी की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे. उन्हें कारोबारी के घर से दुकान आने-जाने के समय और दैनिक दिनचर्या की जानकारी थी. 9 अक्टूबर को कारोबारी के घर से निकलते ही दोनों ने उसका पीछा किया. कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक के पास मौका मिलते ही एक्टिवा के सामने रखे बैग को चोरी कर फरार हो गए.
वारदात के बाद आरोपियों ने नकदी को अपने घरों में अलग-अलग जगह छिपा दिया था. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 53 लाख रुपए बरामद किए. चोरी की रकम का कुछ हिस्सा आरोपियों ने अपने तीन बैंक खातों में भी जमा कराया था, जिन्हें फ्रीज करा दिया गया है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.
दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी मनीष यदु, उम्र 39 वर्ष, निवासी सेक्टर-2, डीडी नगर, के खिलाफ सिविल लाइन थाने में मारपीट और जुआ अधिनियम के तहत मामले दर्ज रहे हैं. वह इन मामलों में जेल भी जा चुका है. वर्ष 2012 में आजाद चौक थाने में नकदी लूट की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने के मामले में भी उसके खिलाफ कार्रवाई की गई थी.