धान तस्करी पर पुलिस का करारा प्रहार, 91 लाख से अधिक का 2960 क्विंटल अवैध धान जब्त, 54 वाहन सीज

गरियाबंद : छत्तीसगढ़ शासन की समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को प्रभावित करने वाले दीगर राज्यों से आने वाले अवैध धान परिवहन एवं बिक्री के नेटवर्क पर गरियाबंद पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। विगत एक माह 25 दिवस के भीतर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 2960.25 क्विंटल अवैध धान, जिसकी कीमत लगभग 91 लाख 76 हजार 775 रुपये आंकी गई है, जब्त किया है।

इस दौरान अवैध धान परिवहन में संलिप्त 54 चारपहिया वाहन एवं 4 लावारिस प्रकरण, कुल 58 मामलों में कार्रवाई करते हुए 6893 कट्टा धान जब्त कर संबंधित विभाग को आगे की वैधानिक कार्रवाई हेतु सुपुर्द किया गया है।

पुलिस अधीक्षकों के निर्देश पर सीमा क्षेत्रों में स्थित चेक पोस्टों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। विशेष रूप से ओडिशा सीमा से अवैध रूप से छत्तीसगढ़ में धान लाकर बिक्री करने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है।

02–03 जनवरी 2026 की बड़ी कार्रवाई

दिनांक 02–03 जनवरी 2026 को थाना देवभोग एवं अमलीपदर पुलिस द्वारा दो पृथक-पृथक मामलों में अवैध धान परिवहन करते हुए कार्रवाई की गई।

  • थाना देवभोग क्षेत्र में मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए

बोलेरो पिकअप वाहन (OD-26-3883) से 60 कट्टा (24 क्विंटल) अवैध धान जब्त किया गया।

  • थाना अमलीपदर क्षेत्र में

बोलेरो पिकअप वाहन (OD-10-M-0487) से 55 कट्टा (24.75 क्विंटल) अवैध धान पकड़ा गया।

दोनों मामलों में कुल 115 कट्टा (48.75 क्विंटल) धान एवं 02 चारपहिया वाहन जब्त कर संबंधित विभाग को सुपुर्द किया गया।

कागजात नहीं मिलने पर कार्रवाई

जांच के दौरान धान परिवहन करने वालों से वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन किसी भी प्रकार के वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए धान व वाहनों को जब्त किया गया।

गरियाबंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और शासन की धान खरीदी व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds