रायगढ़ में ग्रामीणों ने पुलिस पर किया पथराव, एसडीओपी-टीआई समेत कई पुलिसकर्मी घायल, जनसुनवाई को लेकर उग्र हुई भीड़

रायगढ़ : जिले के ग्राम लिबरा के सीएचपी चौक में आज उग्र भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें एसडीओपी, टीआई समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं. प्रदर्शन कोयला खनन परियोजना को लेकर प्रस्तावित जनसुनवाई को लेकर ग्रामीण प्रदर्शन कर रहे थे. जब पुलिस ने सड़क खाली करवाने के लिए समझाने की कोशिश की, तो भीड़ उग्र हो गई.

पुलिस ने जारी किया बयान

इस संबंध में पुलिस के जारी बयान में बताया गया कि 8 दिसंबर 2025 को भौराभाठा में हुई जनसुनवाई के विरोध में सेक्टर 1 कोल ब्लॉक के अंतर्गत प्रभावित 14 ग्रामों के ग्रामवासी द्वारा दिनांक 12 दिसंबर 2025 से धरने पर बैठे हैं. जिस पर आज दिनांक 27/12/2025 को सुबह 9 बजे के आस-पास लगभग 300 लोगों की भीड़ थी, उनमें से कुछ लोगों के द्वारा सड़क पर बैठकर सामान्य आवागमन को बाधित किया जा रहा था. जिसके लिए सुबह 10 बजे अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, एडिशनल एसपी के द्वारा लोगों को समझाइश देकर वापिस उन्हें धरना के लिए लगाए गए टेंट पर वापस करा दिया गया.

समय-समय पर भीड़ उग्र होती रही और आवागमन को बाधित करने का प्रयास करती रही. भीड़ को एसडीएम घरघोडा और पुलिस अधिकारियों द्वारा लाउडस्पीकर से उन्हें बार-बार समझाइश और शांतिपूर्वक धरना प्रदर्शन हेतु अपील की जा रही थी. लगातार आस-पास के गांवों से लोग जमा होते जा रहे थे जिनकी संख्या लगभग 1000 के आस-पास थी. अचानक लगभग दोपहर ढाई बजे भीड़ बेकाबू हो गई और बैरियर को तोड़ते हुए पत्थर और डंडों से वहां उपस्थित पुलिस पर टूट पड़ी.

भीड़ ने जमकर बरसाए लाठी-डंडे

उपद्रवी भीड़ ने पुलिस पर जमकर लाठी-डंडे बरसाए. जिससे एसडीओपी अनिल विश्वकर्मा, थाना प्रभारी तमनार कमला पुसाम तथा एक आरक्षक को गंभीर चोट आईं और पुलिस के कई जवान और महिला आरक्षक घायल हैं, जिन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया. अनियंत्रित भीड़ द्वारा मौके पर पुलिस की बस, जीप, एंबुलेंस को आग लगा दी गई और कई शासकीय वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं. इसके पश्चात अनियंत्रित भीड़ जिंदल के कोल हैंडलिंग प्लांट सीएचपी की ओर बढ़कर अंदर घुसकर कन्वेयर बेल्ट तथा दो ट्रैक्टर व अन्य वाहन को आग लगा दी गई तथा ऑफिस में भी उत्पात मचाकर तोड़फोड़ की गई. भीड़ को समझाइश देने के लिए विधायक, लैलूंगा विद्यावती सिदार, कलेक्टर रायगढ़ एवं पुलिस अधीक्षक रायगढ़ के द्वारा मौके पर जाने पर भीड़ उग्र होते हुए पथराव किया गया तथा पुनः सीएचपी प्लांट की ओर जाकर प्लांट के अंदर आगजनी की घटना की गई.

जानिए क्‍या है पूरा मामला

पूरा मामला रायगढ़ जिले की तमनार तहसील के धौराभाठा गांव का है. यहां जिंदल कंपनी की गारे पेलमा सेक्टर-1 कोयला खनन परियोजना को लेकर प्रस्तावित जनसुनवाई को लेकर प्रदर्शन हो रहा है. यह परियोजना 14 गांवों की जमीन, जंगल और आजीविका को सीधे प्रभावित करती है, जिसके चलते स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से एकजुट होकर इसका विरोध कर रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले 6 महीनों से संघर्ष कर रहे हैं.  8 दिसंबर को जनसुनवाई को चुपचाप किसी अन्य स्थान पर आयोजित कर दिया गया और ग्रामीणों की अनुपस्थिति में इसे पूरा घोषित कर दिया गया. जिस स्थान की जानकारी आम जनता को दी गई थी, वहां कोई जनसुनवाई नहीं हुई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds